फर्जी वोटर मामला: MLC चुनाव से एक दिन पहले पटना में गूंजा वोट चोरी का मुद्दा, RJD उम्मीदवार ने किया फर्जी वोटर होने का दावा, चुनाव रद्द कराने की मांग

MLC चुनाव से एक दिन पहले पटना में गूंजा वोट चोरी का मुद्दा, RJD उम्मीदवार ने किया फर्जी वोटर होने का दावा, चुनाव रद्द कराने की मांग
कल (23 अक्टूबर) बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बड़ी मांग की है।

डिजिटल डेस्क, पटना। कल (23 अक्टूबर) बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बड़ी मांग की है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार संजीव सिंह ने दस्तावेजों के साथ फर्जी शिक्षक मतदाताओं का मामला उठाया है। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले की जांच करने और चुनाव रद्द करने की मांग की है।

यह भी पढ़े -परिसीमन समय की मांग, सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं ने बताई संवैधानिक प्रक्रिया, कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक की मांग की

क्या है पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र?

ये निर्वाचन क्षेत्र पटना डिविजन के तहत आने वाले स्कूलों का क्षेत्र है। जिसमें पटना, नालंदा और नवादा जैसे जिलों के स्कूल शामिल हैं। इस डिविजन के कुछ निर्धारित शिक्षण संस्थानों में तीन साल से ज्यादा काम करने वाले शिक्षक इस निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता कहलाते हैं। जो एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग करते हैं।

पटना शिक्षक निर्वाचन इलाके में कितने मतदाता?

आरजेडी प्रत्याशी ने बताया कि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार 16,800 मतदाता बनाए गए हैं, जिनमें से 6,500 लोगों के नाम चुनाव आयोग को भेजे गए हैं। इसके बाद 5,200 फर्जी शिक्षक मतदाताओं के नाम हटाए गए। उन्हें उम्मीद है कि अभी भी करीब 1,200 फर्जी मतदाता हो सकते हैं। उन्होंने यह बयान गुरुवार को एबीपी न्यूज से बातचीत में दिया।

अलग-अलग कॉलेजों से मिल रही शिकायतें

संजीव सिंह ने बताया कि फर्जी शिक्षक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए अलग-अलग कॉलेजों की ओर से चुनाव आयोग को शिकायतें की जा रही हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की आधिकारिक मतदाता सूची मिलने के बाद उन नामों का कॉलेजों के आधिकारिक सेवा रिकॉर्ड से मिलान किया गया। इस दौरान पता चला कि बड़ी संख्या में मतदाता सूची में दर्ज नामों वाले शिक्षक संबंधित कॉलेजों में कार्यरत नहीं हैं।

उन्होंने आगे एसटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि यहां 31 फर्जी मतदाता मिले हैं। इसके बावजूद उनके नाम नहीं हटाए गए। साथ ही उन्होंने बताया कि एक अन्य कॉलेज में जांच करने पर इतनी ही संख्या में फर्जी मतदाता मिले, लेकिन उनके नाम भी नहीं काटे गए।

संत कबीर कॉलेज में 150 वोट फर्जी!

आरजेडी उम्मीदवार ने बताया कि संत कबीर कॉलेज में 150 फर्जी मतदाता हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिखाए गए सभी दस्तावेज असली हैं। इन पर अधिकारियों के हस्ताक्षर और मुहर भी लगी हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह वोट चोरी का मामला है।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फर्जी शिक्षक मतदाताओं से जुड़े मामले में चुनाव आयोग को कोई शिकायत नहीं मिली है।

Created On :   22 Oct 2026 6:28 PM IST

Tags

Next Story