दलेर मेहंदी विवाद: 'उत्तराखंड में कलाकारों का सम्मान...', सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सिंगर से फोन पर की बात

डिजिटल डेस्क, देहरादून। सिंगर दलेर मेहंदी के कुंजापुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम विवाद मामले में नया अपडेट सामने आया है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सिंगर से फोन पर बात की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और मामले को यही खत्म करने की मांग की।
बीते रविवार को उत्तराखंड के नयी टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर आपा खो दिया था। उन्होंने जनता के सामने सिंगर पर दारू पीकर गाने का आरोप लगाया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। दलेर मेहंदी के भाई और पॉपुलर सिंगर मीका सिंह समेत फिल्मी दुनिया के अन्य लोगों ने उनियाल से माफी मांगने की मांग की है।
यह भी पढ़े -उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, दूसरी महिलाओं से संबंध समेत लगाए कई गंभीर आरोप
सीएम धामी ने की अपील
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान बीते दिनों में हुए घटनाक्रम के संबंध में भी चर्चा हुई। देवभूमि उत्तराखंड की परंपरा 'अतिथि देवो भव:' की रही है। हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है। हमारी कोशिश है कि इस घटना को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मक की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।
इससे पहले सीएम ने दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह से फोन पर बात की थी। इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर देते हुए उन्होंने लिखा था, 'प्रसिद्ध गायक मीका सिंह जी से फोन पर बातचीत की। दलेर मेहंदी जी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए।'
मीका ने की माफी की मांग
मीका सिंह ने भी सीएम से हुई बात का जिक्र सोशल मीडिया पर किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का मैं बहुत सम्मान करता हूं। उन्होंने खुद मुझे इस मामले को लेकर फोन किया था। मैं उनके प्रयास की सराहना करता हूं। मेरी बस उनसे इतनी छोटी सी गुजारिश है कि वो सुबोध उनियाल से कहें कि वे छोटा सा वीडियो बनाकर अपने बयान को साफ करें और दलेर भाई से माफी मांगें।
वहीं, सुबोध कुमार ने दलेर मेहंदी से माफी मांगने से इनकार कर दिया है। वे अपने स्टैंड पर कायम हैं। उन्होंने ये तक कहा कि अगर सिंगर का स्वास्थ्य खराब था तो उन्हें शो में नहीं आना चाहिए था।
Created On :  
