Uttarakhand News: उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, दूसरी महिलाओं से संबंध समेत लगाए कई गंभीर आरोप

डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने पति पर पहली शादी की बात छिपाने, दूसरी महिलाओं से संबंध होने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बीच उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
वीडियो किया शेयर
रेखा आर्या ने वीडियो के जरिए अपना पक्ष रखा है, जिसमें वो रोते हुए दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया है, जिसमें उन्हें जान से मारने की बातें सामने आईं।
वीडियो रेखा आर्या ने कहा, 'आज मैं एक ऑडियो लेकर आई हूं। इस ऑडियो ने मुझे झकझोर दिया है। मेरे वैवाहिक जीवन पर प्रश्न लगा दिया है। ईमानदारी के साथ रहने के बदले ऐसा परिणाम मिलता है क्या? इस ऑडियो को सुनकर आज मुझे हृदयाघात की पीड़ा के साथ ये निर्णय लेना पड़ा, पुलिस में तहरीर देनी पड़ी, अपने बच्चों की रक्षा-सुरक्षा के लिए।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं संविधान को साक्षी मानते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती आई हूं, करती हूं और करती रहूंगी। मुझे अपने देव ने यहां तक पहुंचाया है। मुझे पूरा भरोसा है, इस क्षण में भी वह मेरे साथ होंगे। मैं इस पीड़ा में भी हूं, पर अपने कर्तव्य को नहीं भूली।'
वह आगे कहती हैं, 'ये वीडियो भी मैं इसलिए बना रही हूं, क्योंकि महिला आम हो या खास घरेलू अत्याचार न सहना है, बल्कि उसे कहना है। बाकी आप ऑडियो सुने तो खुद ब खुद सारे प्रश्नों का उत्तर मिलेगा।'
मंत्री की शिकायत पर 15 अक्टूबर को कैंट थाने में FIR नंबर 0158 दर्ज की गई। मामले में बीएनएस की 10 धाराओं और SC-ST एक्ट की तीन धाराओं का उल्लेख किया गया है।
Created On :   15 Oct 2026 10:13 PM IST












