MP News: NSUI ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर प्रदर्शन किया, FIR में देरी का विरोध

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया। वे मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान हुई कथित मारपीट के मामले में पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़े -ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, सीजेपी का तिरंगा मार्च आज, कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू
महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर NSUI कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR
मंगलवार को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बस में हुई कथित मारपीट को लेकर एनएसयूआई की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक महिला पुलिसकर्मी ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की गई।
दिल्ली पुलिस ने घटना से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में एनएसयूआई की एक महिला कार्यकर्ता महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की करती और उनके बाल खींचती दिखाई दे रही है।
महिला पुलिसकर्मी ने अपने बयान में आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें धमकियां दी गईं और बाल पकड़कर खींचने के बाद जमीन पर गिराकर पीटा गया। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।
यह भी पढ़े -शिवसेना पार्टी और चुनाव-चिन्ह धनुष-बाण मामले में 30 अक्टूबर तक सुनाया जा सकता है अंतिम फैसला
NSUI का आरोप- महिला कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट
दूसरी ओर, एनएसयूआई ने पुलिस पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि राजीव चौक के पास प्रदर्शन के बाद जब महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा था, तब दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही ने उनके साथ मारपीट की।
इसी आरोप को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ता पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। उनका विरोध इस बात को लेकर भी था कि कथित हमले की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है।
राहुल गांधी ने घायल कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
इस मामले के बीच राहुल गांधी ने घायल एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घटना से जुड़े सबूत भेजने को कहा।
फिलहाल, मामले में पुलिस और एनएसयूआई की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है, जबकि एनएसयूआई पुलिस पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगा रही है। मामले की जांच जारी है।
Your content here
Created On :   16 Oct 2026 1:11 AM IST













