CJP Tiranga March: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, सीजेपी का तिरंगा मार्च आज, कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, सीजेपी का तिरंगा मार्च आज, कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। दिल्ली के कनॉट प्लेस में कॉकरोच जनता पार्टी ने विरोध प्रदर्शन और 'तिरंगा मार्च' का ऐलान किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। दिल्ली के कनॉट प्लेस में कॉकरोच जनता पार्टी ने विरोध प्रदर्शन और 'तिरंगा मार्च' का ऐलान किया है। इसके बाद नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल (NDMC) ने प्रशासनिक वजहों का हवाला देते हुए कहा कि 16 और 17 अक्टूबर, 2026 को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को जनता के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में BNSS की धारा 163 लागू कर दी है। साथ ही, पुलिस ने लोगों से इस सभा में शामिल नहीं होने का अनुरोध किया और कहा कि उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

CJP के कितने सदस्यों को मिली अनुमति

बताया जा रहा है कि CJP ने तिरंगा फहराने के लिए अनुमति मांगी थी। इसके बाद पुलिस ने सिर्फ 11 लोगों को तिरंगा ले जाने और राष्ट्रगान गाने की मंजूरी दी है। इस निर्णय पर CJP ने आंदोलन दबाने का आरोप लगाया है। एक स्थानीय रेहड़ी-पटरी विक्रेता ने व्यापार और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में प्रदर्शन को लेकर याचिका दायर की थी। इस मामले पर कोर्ट ने 16 अक्टूबर के इस प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसके अलावा, अदालत ने दिल्ली पुलिस के उस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया है, जिसमें बताया गया है कि वह स्थिति को नियंत्रित और विनियमित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी।

CJP ने की अपील

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ऐलान किया है कि 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में 'तिरंगा मार्च' निकाला जाएगा। यह मार्च पार्टी प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी तथा ज्ञानेश कुमार के विरोध में किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी (AAP) और वामपंथी छात्र संगठनों (AISA और SFI) ने समर्थन दिया है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। दीपके ने अपने समर्थकों से कल शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पहुंचने का अनुरोध किया है।

Created On :   16 Oct 2026 12:10 AM IST

Tags

Next Story