Murugan Resignation Accept: मोदी कैबिनेट से एल. मुरुगन की विदाई, राष्ट्रपति ने स्वीकार किया इस्तीफा, अब तमिलनाडु में BJP के लिए संभालेंगे मोर्चा

मोदी कैबिनेट से एल. मुरुगन की विदाई, राष्ट्रपति ने स्वीकार किया इस्तीफा, अब तमिलनाडु में BJP के लिए संभालेंगे मोर्चा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी कैबिनेट के केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उन्होंने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर लिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी कैबिनेट के केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उन्होंने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर लिया है। मुरुगन के इस्तीफे को स्वीकार करने की प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत पूरी की गई है। बताया जा रहा है कि उनका त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया गया है।

मोदी कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें

इससे पहले 13 अक्टूबर को मोदी कैबिनेट में फेरबदल की खबर सामने आई थी। इस बीच एल. मुरुगन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ दी थी। तमिलनाडु से नाता रखने वाले भाजपा नेता मुरुगन सरकार में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उन्होंने त्यागपत्र देते हुए कहा था कि वह तमिलनाडु में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे।

PM मोदी का जताया था आभार

भाजपा नेता ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए बताया था कि वह अब अपना पूरा समय तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत बनाने में देंगे। यानी 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे। उन्होंने अपने पत्र में पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए बताया था कि उनके नेतृत्व में पांच साल तक केंद्र सरकार में काम करने का मौका मिला है, जिसे उन्होंने अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया है। बताया जा रहा है कि अब उनका अगला कदम तमिलनाडु में पार्टी को मजबूत बनाना और राज्य में 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी को तैयार करना है।

मुरुगन का संकल्प और संघर्ष

एल. मुरुगन ने अपने इस्तीफे में अपने संकल्प के बारे में बताया था कि वह किसी भी राजनीतिक परिवार से संबंध नहीं रखते हैं। उनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते थे और मवेशी भी चराते थे। उनका परिवार अभी भी तमिलनाडु के कोनूर गांव में साधारण लोगों की तरह रह रहा है। बताया जा रहा है कि उनके माता-पिता ने कभी ऐसी कल्पना नहीं की थी कि उनका बेटा एक दिन केंद्र सरकार में मंत्री बन जाएगा।

Created On :   15 Oct 2026 7:27 PM IST

Tags

Next Story