यूपी कांग्रेस में कलह: ममता चौधरी विवाद के बाद अजय राय के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें, पार्टी ने दिल्ली बुलाया, राहुल गांधी से हो सकती है मुलाकात

ममता चौधरी विवाद के बाद अजय राय के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें, पार्टी ने दिल्ली बुलाया, राहुल गांधी से हो सकती है मुलाकात
विवाद के बाद अजय राय ने कांग्रेस के कार्यक्रमों से दूरी बनाई। वह राहुल गांधी के एक विरोध प्रदर्शन में भी शामिल नहीं हुए, जिसके बाद उनके अगले कदम को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गईं। अब पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें दिल्ली बुलाया गया है, अब सबकी नजरें दिल्ली दरबार पर टिकी हुई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस में अंदरूनी विवाद सामने आने लगे हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों और महिला कांग्रेस नेता ममता चौधरी के बीच लखनऊ में शुरू हुआ विवाद अब दिल्ली दरबार में पार्टी आलाकमान तक पहुंच गया है। मामले में डैमेज कंट्रोल की कोशिशों के बीच अजय राय को दिल्ली बुलाया गया है। संभावना है कि इस दौरान उनकी मुलाकात राहुल गांधी से हो सकती है।

विवाद के बाद अजय राय के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। उनके बीजेपी या अनुप्रिया पटेल के अपना दल में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं। हालांकि अजय राय ने बीजेपी में जाने की संभावना से साफतौर पर इनकार किया है। उनका कहना है कि वह कांग्रेस में रहकर ही पार्टी को मजबूत करेंगे और बीजेपी सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने राहुल गांधी के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए कहा था कि वह मरते दम तक उनका साथ नहीं छोड़ेंगे।

अजय राय वाराणसी की पिंडरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी नेतृत्व के साथ उनकी बातचीत को अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालफिलहाल उनके किसी दूसरे दल में शामिल होने की अटकलों पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

11 अक्टूबर को पार्टी मुख्यालय में हुआ था विवाद

यूपी कांग्रेस में विवाद 11 अक्टूबर को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह में सामने आया था। कांग्रेस मुख्यालय में अजय राय और ममता चौधरी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर धक्कामुक्की और हाथापाई की खबरें सामने आई थी।

कौन अध्यक्ष?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजय राय के पार्टी कार्यालय पहुंचने पर उनके समर्थकों ने भीड़ से रास्ता देने को कहा। इस पर ममता चौधरी ने कथित तौर पर सवाल किया, ‘कौन अध्यक्ष?’ इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला बढ़ गया। ममता चौधरी ने अजय राय पर अभद्र भाषा और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, अजय राय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ममता चौधरी पर ही आरोप लगाए। उन्होंने पार्टी आलाकमान से शिकायत कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

विवाद की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मामले को सुलझाने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी में सह-प्रभारी अभिषेक दत्त, अब्दुल हन्नान, पूर्व सांसद रवि वर्मा और महिला कांग्रेस नेता शमीना शफीक को शामिल किया गया है। कमेटी को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

विवाद के बाद अजय राय ने कांग्रेस के कार्यक्रमों से दूरी बनाई। वह राहुल गांधी के एक विरोध प्रदर्शन में भी शामिल नहीं हुए, जिसके बाद उनके अगले कदम को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गईं। अब पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें दिल्ली बुलाया गया है, अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकलता है या नहीं।

Created On :   14 Oct 2026 3:25 PM IST

Tags

Next Story