Telugu Ganga Project: राजनीतिक मतभेदों के बीच साथ आए विजय-नायडू, गोदावरी-कावेरी प्रोजेक्ट पर हुई बातचीत

डिजिटल डेस्क, अमरावती। भारत में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस बीच दक्षिण भारत के दो धुर विरोधी नेता मंगलवार को एक साथ नजर आए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं। इस बैठक को अहम इसलिए भी माना जा रहा है कि विजय कांग्रेस की मदद से सरकार चला रहे हैं, जबकि चंद्रबाबू नायडू मोदी सरकार के सहयोगी हैं। पिछले कुछ दिनों में सीएम विजय की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी हुई है।
यह भी पढ़े -रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने तमिलनाडु के सीएम विजय थलापति से की मुलाकात, तस्वीरें शेयर कर लिखा नोट
दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच यह मुलाकात कृष्णा नदी के जल को लेकर हुई। इस दौरान तेलुगु गंगा परियोजना के तहत चेन्नई को पानी देने की जरूरतों पर चर्चा हुई।
प्रोजेक्ट पर क्या हुई बातचीत
मुलाकात के बाद सीएम नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने बताया कि गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना पर सीएम विजय के साथ चर्चा हुई। उनका कहना है, "आंध्र प्रदेश ने इस साल चेन्नई के लिए 4.08 हजार मिलियन क्यूबिक फीट (TMC) पानी पहले ही छोड़ दिया है। हमारे पास खुद पानी की कमी है, फिर भी हम अपने लोगों की जरूरतों का ध्यान रखते हुए पड़ोसी राज्य की मदद करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मेरा मानना है कि पानी आपसी सहयोग का जरिया होना चाहिए, विवाद का नहीं। राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और केंद्र सरकार की मदद से गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना पानी की किल्लत का एक पक्का समाधान बन सकती है। यह खेती की तस्वीर बदल सकती है और पूरे दक्षिण भारत के लाखों किसानों के जीवन में खुशहाली ला सकती है।"
पर्यावरण के मुद्दे पर चर्चा
दोनों नेताओं के बीच परियोजना पर चर्चा से पहले पर्यावरण और सामाजिक मुद्दों पर भी बात हुई। इस दौरान गैर-सरकारी संगठन 'पूवुलागिन ननबर्गल' के जलवायु कार्यकर्ता जी. सुंदरराजन ने सीएम विजय से अपील की थी कि वह आंध्र प्रदेश के अपने समकक्ष से कांडलेरू जलाशय से तत्काल पानी छोड़ने के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध करें। साथ ही, श्रीशैलम से भी तेलुगु गंगा परियोजना के लिए पानी देने की मांग की गई।
Created On :   13 Oct 2026 10:59 PM IST












