SIR पर वार-पलटवार: राहुल गांधी पर पीयूष गोयल का पलटवार, कांग्रेस को पुराना ट्रैक रिकॉर्ड देखने की दी नसीहत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष अड़ा हुआ है। इस बीच बीजेपी के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी को इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाती है, लेकिन अपने काम को, अपने ट्रैक रिकॉर्ड को पूरी तरह नजरअंदाज करती है।
राहुल गांधी पर पीयूष गोयल ने साधा निशाना
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने अपने समय में एक चीफ इलेक्शन कमिश्नर को गवर्नर बनाया, एक को कैबिनेट मंत्री बनाया, एक को पार्टी का टिकट दिया। ये पक्षपात जो राहुल गांधी करते हैं, वो भूल जाते हैं।"
बीजेपी ने ये हमला ऐसे समय में किया है जब इंडिया गठबंधन के नेता ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए आज फिर योजना बनाने वाले हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के नेताओं को चाय पर बुलाया है। यहां रणनीति पर चर्चा होगी।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "चीफ इलेक्शन कमिश्नर टीएन शेषन की ईमानदारी का कांग्रेस बड़ा गुणगान करती थी। लेकिन 1999 में उन्हें, आडवाणी जी के सामने कांग्रेस के टिकट पर खड़ा होने का मौका दिया गया। क्या यह उन्हें रिवार्ड करने का काम नहीं था?"
यह भी पढ़े -भारत यूथ कन्वेंशन’ में शामिल हुए मनसुख मांडविया, कहा- मैंने यहां के युवाओं में एक अलग ही सकारात्मक ऊर्जा देखी
कांग्रेस पर लगाया ये आरोप
बीजेपी नेता ने कहा, "एम एस गिल 1996 से 2001 तक चीफ इलेक्शन कमिश्नर थे। 2000 में सिटिंग चीफ इलेक्शन कमिश्नर को पद्म विभूषण से नवाजा गया। क्या यह उनकी चापलूसी और कारनामों को रिवार्ड देना नहीं था? रिटायरमेंट के 3 साल बाद वे कांग्रेस ज्वाइन करते हैं, 2004 में राज्यसभा में आते हैं, 2008 में उन्हें केंद्रीय कैबिनेट में मिनिस्टर बनाया जाता है। इससे ज्यादा आपको क्या सबूत चाहिए कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग के ऑफिस को कितने निचले स्तर पर गिरा दिया और अधिकारियों का कैसे दुरुपयोग किया।"
पीयूष गोयल ने कहा, "टीकाराम मीणा केरल के चीफ इलेक्शन ऑफिसर थे। एक वर्ष बाद उन्हें कांग्रेस की राजस्थान मेनिफेस्टो टीम में ले लिया गया। मई 2026 में रतन यू केलकर केरल के चीफ इलेक्शन ऑफिसर थे। चुनाव के तुरंत बाद वर्तमान मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने उन्हें अपना चीफ सेक्रेटरी घोषित कर दिया। क्या यह राजनीतिक रोटियां सेंकना नहीं है कि आप चुनाव में मदद कीजिए और हम आपको पद पर नियुक्त कर देंगे!"
राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य नेता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को इंडिया गठबंधन ने दिल्ली के बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला और सीईसी के खिलाफ याचिका दाखिल की। इस याचिका पर जल्द ही सुनवाई हो सकती है।
Created On :   13 Oct 2026 5:49 PM IST












