UP Elections 2026: चुनाव से पहले अखिलेश यादव को लगा झटका, बीजेपी में शामिल हुए 3 बागी विधायक, 2 साल पहले की थी क्रॉस वोटिंग

चुनाव से पहले अखिलेश यादव को लगा झटका, बीजेपी में शामिल हुए 3 बागी विधायक, 2 साल पहले की थी क्रॉस वोटिंग
यूपी विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने बचे हैं। इससे पहले राज्य में दल-बदल का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने बचे हैं। इससे पहले राज्य में दल-बदल का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने अमेठी में हुए सदस्यता ग्रहण समारोह में बीजेपी ज्वाइन की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी मौजूदगी में पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

राकेश प्रताप सिंह अमेठी की गौरीगंज सीट से, अभय सिंह अयोध्या की गोसाईंगंज सीट से और विनोद चतुर्वेदी जालौन की कालपी विधानसभा सीट से विधायक हैं। तीनों की लंबे समय से बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रहीं थीं।

इन तीनों में से राकेश प्रताप सिंह ने 8 अक्टूबर को बीजेपी में शामिल होने का ऐलान कर दिया था। आज बीजेपी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने दावा किया कि उनके साथ गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के 700 प्रधान, पूर्व प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि भी उनके साथ सदस्यता लेंगे।

राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग

राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने 2022 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीता था। 2024 राज्यसभा चुनाव में सपा के जिन सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी, उनमें राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भी शामिल थे। इसके बाद पार्टी ने एक्शन लेते हुए तीनों को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

अन्य 4 बागी विधायक मनोज पांडेय, पूजा पाल, राकेश पांडेय और आशुतोष मौर्य थे। इनमें से मनोज पांडेय बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे और अब योगी सरकार में मंत्री हैं। वहीं चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल बीजेपी उपाध्यक्ष बन गई हैं। वहीं, आशुतोष मौर्य और राकेश पांडेय ने समाजवादी पार्टी में ही रहने का फैसला लिया था।

Created On :   14 Oct 2026 4:42 PM IST

Tags

Next Story