रणनीति: सीईसी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन, राहुल गांधी ने सीजेपी को साधने के लिए चला सियासी दांव

सीईसी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन, राहुल गांधी ने सीजेपी को साधने के लिए चला सियासी दांव
  • सीजेपी नेताओं की गिरफ्तारी का किया विरोध, दीपके ने जताया आभार
  • भावी राजनीति की दशा और दिशा तय करने का जरिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली, अजीत पाठक. राजनीति में कुछ भी बेवजह और बेमतलब नहीं होता। नेताओं के हर कदम और उनके बयान का एक-एक शब्द भावी राजनीति की दशा और दिशा तय करने का जरिया होता है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी का कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) नेताओं के पक्ष में दिया गया एक बयान और उनके समर्थन को भी इसी नजर से देखा और समझा जा रहा है। बुधवार को राहुल गांधी सीजेपी के आशुतोष रांका और सौरभ दास के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पर हुई गिरफ्तारी का विरोध कर उनके समर्थन में उतरते नजर आए । उनकी इस पहल को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को साथ लाने के एक दांव के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, विपक्ष के नेता की इस पहल का सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने बहुत संभल कर संतुलित जवाब दिया है।

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने सौरभ दास और आशुतोष रांका को बिना अनुमति जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने और जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों सीजेपी नेताओं को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। राहुल गांधी ने इसका विरोध करते हुए सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है। इसके लिए युवाओं को जेल में डालना कायरतापूर्ण काम है। छात्र, युवा, पत्रकार और इंडिया गठबंधन भले ही बैनर अलग-अलग हों, लेकिन मकसद एक ही है। सभी विरोध प्रदर्शन एक ही हैं। नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। हम इसे वापस हासिल करेंगे।

राहुल के इस बयान पर अभिजीत दीपके ने ‘एक्स’ पर जवाब देते हुए कहा कि सौरभ दास और आशुतोष रांका की गैर-कानूनी गिरफ्तारी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए विपक्ष के नेता राहुल गांधी का धन्यवाद। दरअसल, सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के घटक दल और अन्य सामाजिक संगठन कांग्रेस के साथ हैं। लेकिन सीजेपी कांग्रेस से इतर अलग विरोध-प्रदर्शन करती आ रही है। राहुल गांधी लगातार यह प्रयास कर रहे हैं कि सीईसी और सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे सभी दल और संगठन एक मंच पर आकर मजबूती से आवाज बुलंद करें। माना जा रहा कि राहुल गांधी ने सीजेपी नेताओं की गिरफ्तारी का विरोध कर इशारों में उनको साथ आने का न्योता दिया है। हालांकि, सीजेपी प्रमुख ने राहुल की इस पहल पर बहुत संभल कर जवाब दिया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में सीजेपी पर राहुल गांधी की इस पहल का क्या असर होता है।

Created On :   14 Oct 2026 9:45 PM IST

Tags

Next Story