10 साल के प्रेमसंबंध का खौफनाक अंत!: महिला को चलती ट्रेन से धकेलने का लगा रेलवे टीटीआई पर आरोप, भुसावल में छिपा हुआ था आरोपी - 24 घंटे में धराया

महिला को चलती ट्रेन से धकेलने का लगा रेलवे टीटीआई पर आरोप, भुसावल में छिपा हुआ था आरोपी - 24 घंटे में धराया
  • रेलवे टीटीआई पर महिला को चलती ट्रेन से धकेलने का आरोप
  • अजनी-खापरी के बीच पटरी किनारे गंभीर हालत में मिली थी महिला, मेयो अस्पताल में कराया गया भर्ती
  • पिछले 2-3 साल से दोनों के बीच चल रहा था विवाद, मिलने पहुंची महिला के साथ वारदात का आरोप
  • वारदात के बाद भुसावल में छिपा था आरोपी, रेलवे पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दस साल की लव स्टोरी का दी एंड ऐसे हुआ कि प्रेमिका अब जिन्दगी और मौत के बीच जूझ रही है। गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा है। प्रेमसंबंध में आई दरार का अंत एक खौफनाक वारदात के रूप में सामने आया। आरोप है कि प्रेमिका से विवाद के बाद रेलवे में कार्यरत टीटीआई ने उसे चलती ट्रेन से धक्का देकर जान से मारने की कोशिश की। महिला गंभीर हालत में रेलवे पटरी के पास मिली। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन रेलवे पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर भुसावल से गिरफ्तार कर लिया।

मिलने पहुंची थी महिला, फिर हुआ विवाद

यह मामला 9 अक्टूबर को अजनी और खापरी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे किलोमीटर 821/30 के पास हुआ। यहां रेलवे सुरक्षा बल, अजनी को एक अज्ञात महिला घायल अवस्था में मिली थी। उसे तत्काल मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती तौर पर महिला की पहचान स्पष्ट नहीं थी, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर मामले की परतें खुलने लगीं।

जांच में सामने आया कि महिला का मध्य रेलवे के भुसावल में कार्यरत टीटीआई रविंद्र निमजे के साथ पिछले 10 वर्षों से प्रेमसंबंध था। पिछले 2-3 वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना के दिन महिला अकोला से सामान लेकर कामठी स्थित मिलिट्री कैंटोनमेंट आई थी। वापस लौटने के लिए जनरल टिकट लेने के बाद वह प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी हावड़ा-मुंबई मेल के बी-2 कोच में ड्यूटी पर तैनात टीटीआई से मिलने पहुंची थी।


दरवाजे के पास ले जाकर धक्का देने का आरोप

आरोप है कि ट्रेन में दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हुआ। इसके बाद टीटीआई महिला को कोच के दरवाजे के पास ले गया और उसे धक्का देकर चलती ट्रेन से नीचे गिरा दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।

महिला के साथ हुई इस कथित वारदात के बाद रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज किया गया। जो हत्या के प्रयास से संबंधित है।

भुसावल में छिपा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

घटना के बाद आरोपी रविंद्र निमजे फरार हो गया था। पुलिस को उसके भुसावल में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे और अपर पुलिस अधीक्षक दत्ताराम राठौड़ के मार्गदर्शन में प्रभारी अधिकारी पुलिस निरीक्षक गौरव गावंडे और उनकी टीम ने तलाश तेज की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को भुसावल से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। लंबे समय से चले आ रहे प्रेमसंबंध, दोनों के बीच विवाद और चलती ट्रेन से महिला को धक्का देने के गंभीर आरोपों के कारण यह मामला चर्चा में है।



Created On :   14 Oct 2026 7:23 PM IST

Tags

Next Story