शिकायत: एलपीजी सिलेंडर में 2.2 किलो गैस कम मिलने का आरोप, डिलीवरी में हेराफेरी की शिकायत

एलपीजी सिलेंडर में 2.2 किलो गैस कम मिलने का आरोप, डिलीवरी में हेराफेरी की शिकायत
  • 8 से 10 महीने से बुकिंग, बिलिंग और आपूर्ति में गड़बड़ी का दावा
  • सील से छेड़छाड़ की आशंका, उपभोक्ता ने जांच के लिए सिलेंडर रखा सुरक्षित

डिजिटल डेस्क, नागपुर. एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी में कथित गड़बड़ी और गैस चोरी का मामला सामने आया है। नंदनवन मुख्य मार्ग निवासी उपभोक्ता सुशील गोयनका ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के क्षेत्रीय प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत वर्धमान नगर स्थित आनंद गैस सर्विसेज एंड डोमेस्टिक अप्लायंसेज के कामकाज को लेकर की गई है। उपभोक्ता का आरोप है कि हाल ही में मिले सिलेंडर में निर्धारित मात्रा से करीब 2.2 किलोग्राम गैस कम थी। साथ ही, सिलेंडर की सील से छेड़छाड़ किए जाने की आशंका भी जताई गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, पिछले 8 से 10 महीनों से सिलेंडर की बुकिंग, बिलिंग और डिलीवरी प्रक्रिया में लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं। कई बार बुकिंग के बाद बिल तैयार होने और सिलेंडर डिलीवर होने का संदेश मिल जाता है, जबकि वास्तव में सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचता। एजेंसी से बार-बार संपर्क करने के बाद ही कई दिनों की देरी से आपूर्ति की जाती है।

सिलेंडर में 2.2 किलो गैस कम होने का दावा

सुशील गोयनका ने शिकायत में बताया कि उन्होंने 29 सितंबर 2026 को सिलेंडर बुक किया था। 2 अक्टूबर को कैश मेमो तैयार होने का संदेश मिला, लेकिन सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई। एजेंसी के डिलीवरी कर्मचारी से संपर्क करने के बाद आखिरकार 8 अक्टूबर को सिलेंडर पहुंचाया गया।

उपभोक्ता के मुताबिक, संदेह होने पर सिलेंडर का वजन कराया गया, जिसमें निर्धारित मानक की तुलना में करीब 2.2 किलोग्राम गैस कम पाई गई। उन्होंने सिलेंडर पर लगी सील को भी संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई कि उसके साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है।

शिकायत में डिलीवरी कर्मचारी का नाम अमीन शेख बताया गया है। उपभोक्ता ने आशंका जताई है कि सिलेंडरों से गैस निकालने और वजन में हेराफेरी किए जाने की संभावना की जांच होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित सिलेंडर को संभावित साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा है, ताकि सक्षम अधिकारी उसकी जांच कर सकें।

रिकॉर्ड की जांच और कार्रवाई की मांग

सुशील गोयनका ने एचपीसीएल प्रबंधन से संबंधित गैस एजेंसी के बुकिंग, बिलिंग और डिलीवरी रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। साथ ही, सिलेंडर में गैस की कथित कमी के कारणों का पता लगाने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

एजेंसी ने कहा, शिकायत का समाधान करेंगे

आनंद गैस डीलर की ओर से चेतानंद रामटेके ने कहा कि एजेंसी में उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए टीम है। शिकायतकर्ता की समस्या का निश्चित रूप से समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डिलीवरी कर्मचारी के पास सिलेंडर का वजन जांचने के लिए तराजू रहता है। ग्राहक को भी सिलेंडर लेते समय उसका वजन जांच लेना चाहिए।

फिलहाल, सिलेंडर में गैस की कमी और सील से छेड़छाड़ के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में वास्तविक स्थिति आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Created On :   13 Oct 2026 9:36 PM IST

Tags

Next Story