Nagpur News: एनईपी वापस लें या बढ़े हुए कार्यभार को मंजूरी दें, 25 अक्टूबर से आंदोलन

  • डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर टीचर्स ऑर्गनाइजेशन ने कुलगुरु को सौंपा 25 मांगों का ज्ञापन
  • विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने और प्राध्यापकों की नौकरियों पर संकट का आरोप

Nagpur News राष्ट्रीय शैक्षणिक नीति (एनईपी) के कारण उच्च शिक्षा में अव्यवस्था और प्राध्यापकों की नौकरियों पर संकट पैदा होने का आरोप लगाते हुए डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर टीचर्स ऑर्गनाइजेशन ने नीति वापस लेने या इसके अनुसार बढ़े हुए कार्यभार को मंजूरी देने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन ने 25 अक्टूबर से तीव्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

संगठन के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश चिमणकर और केंद्रीय सचिव व सीनेट सदस्य डॉ. श्रीकांत भोवते के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर को 25 मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान करीब दो घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

संगठन का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 से जल्दबाजी में लागू की गई एनईपी के तहत कार्यभार तय करने के स्पष्ट नियम नहीं हैं। इसके कारण कई विषयों में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। संगठन ने दावा किया कि लगभग 70 प्रतिशत विषयों में प्राध्यापक नहीं होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रायोगिक कार्यों में नुकसान हुआ है।

ज्ञापन में सभी विषयों का कार्यभार मंजूर करने, पूर्णकालीन शिक्षकों की भर्ती, रिक्त पदों को पूर्ववत मंजूरी देने और कार्यरत प्राध्यापकों की नौकरी सुरक्षित करने की मांग की गई है। कुलगुरु ने इन मुद्दों को शासन स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। संगठन ने 24 अक्टूबर तक संतोषजनक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।


Created On :   13 Oct 2026 4:22 PM IST

Tags

Next Story