Nagpur News: पूजा-पाठ से मना करने पर बहन का गला रेतने का प्रयास, भाई गिरफ्तार

पूजा-पाठ से मना करने पर बहन का गला रेतने का प्रयास, भाई गिरफ्तार
  • नवरात्रोत्सव के दौरान धार्मिक मान्यताओं को लेकर हुआ विवाद
  • बीच-बचाव करने आई मां को भी जान से मारने की धमकी
  • कलमना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में किया पेश

Nagpur News पूजा-पाठ करने से मना करने पर एक युवक ने अपनी बहन पर चाकू से हमला कर दिया और उसे जान से मारने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने आई मां को भी जान से मारने की धमकी दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। कलमना थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया।

आदिवासी प्रकाश नगर निवासी गायत्री प्रणय मेश्राम (20) घरेलू काम करती है। करीब दो वर्ष पहले उसने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। अभी वह एक दूधमुंहे बच्चे की मां है। पति से विवाद होने के कारण कुछ दिन पहले ही वह अपने बच्चे के साथ गुलशन नगर स्थित मायके आ गई थी। नवरात्रोत्सव चल रहा है, लेकिन गायत्री ने अपने भाई और भाभी से यह कहकर पूजा-पाठ करने से मना किया कि उसके धर्म में यह सब नहीं है। इसी बात को लेकर गुलशन नगर निवासी उसके भाई उत्तम भागीरथी साहू (20) ने उससे विवाद किया। इस बीच, उत्तम की पत्नी भी अपने मायके चली गई थी।

पत्नी का कहना था कि वह गायत्री के कारण ही घर छोड़कर गई है। इस बात से उत्तम अपनी बहन से रंजिश रखे हुए था। इसी को लेकर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात भाई-बहन के बीच फिर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उत्तम ने चाकू निकाल लिया और गायत्री का गला रेतने का प्रयास किया। उत्तम ने जैसे ही गले पर वार करना चाहा, गायत्री ने हाथ से चाकू पकड़ लिया, जिससे उसके हाथों में चोट आई। बीच-बचाव करने दौड़ी उसकी मां को भी आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इस गंभीर वारदात के बाद पुलिस ने उत्तम के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया।


Created On :   13 Oct 2026 4:06 PM IST

Tags

Next Story