कार्रवाई: दो वाहन चोर गिरफ्तार, लगभग ढाई लाख रुपये की 4 दोपहिया गाड़ियां बरामद, यशोधरानगर-सक्करदरा और नंदनवन की वारदातें उजागर

दो वाहन चोर गिरफ्तार, लगभग ढाई लाख रुपये की 4 दोपहिया गाड़ियां बरामद, यशोधरानगर-सक्करदरा और नंदनवन की वारदातें उजागर
  • बजाज पल्सर सहित होंडा की 3 गाड़ियां जब्त
  • गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया
  • यशोधरानगर, सक्करदरा और नंदनवन की वाहन चोरी की वारदातें उजागर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में दोपहिया वाहनों की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए यशोधरानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में शहर के 3 पुलिस थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की 4 वारदातों का खुलासा हुआ। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 4 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

यशोधरानगर पुलिस थाने में वाहन चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद डीबी स्क्वाड ने जांच शुरू की थी। इसी दौरान स्क्वाड प्रमुख एवं हवलदार रवि अहिर को वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्धों के बारे में गोपनीय जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए इमरान हुसैन राशिद हुसैन और शेख सुलतान शेख यासीन को हिरासत में लिया। दोनों आरोपी हसनबाग, बड़ा ताजबाग के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से 4 दोपहिया वाहन चुराने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने चोरी के वाहन बरामद किए।

तीन थाना क्षेत्रों की वारदातें सुलझीं

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी से यशोधरानगर थाने का 1, सक्करदरा थाने के 2 और नंदनवन थाने का 1 वाहन चोरी का मामला उजागर हुआ है। बरामद वाहनों में बजाज कंपनी की 1 पल्सर और होंडा कंपनी की 3 दोपहिया गाड़ियां शामिल हैं। इनकी कुल कीमत 2 लाख 44 हजार रुपये है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई यशोधरानगर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक यूनूस चांद शेख के नेतृत्व में की गई। पुलिस उपनिरीक्षक नीलकंठ नन्नावरे, हवलदार रवि अहिर, लक्ष्मण पडवळ, रितेश दुबे, अमोल भेंडकर, गजानन गोडाम और अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।

Created On :   12 Oct 2026 7:57 PM IST

Tags

Next Story