Nagpur News: पोक्सो केस वापस लेने से इनकार पर शिकायतकर्ता पर जानलेवा हमला

पोक्सो केस वापस लेने से इनकार पर शिकायतकर्ता पर जानलेवा हमला
  • जेल से जमानत पर बाहर आते ही आरोपी ने शुरू की धमकियां
  • दबाव बनाने के लिए कुछ लोगों की भी ली मदद
  • ड्रम से सिर कुचलने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News पोक्सो के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आते ही आरोपी ने शिकायतकर्ता को केस वापस लेने के लिए धमकाना शुरू कर दिया। कुछ लोगों के माध्यम से भी उस पर दबाव बनाया गया। इसके बावजूद शिकायतकर्ता के पीछे नहीं हटने पर आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। मध्य नागपुर के तहसील थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया।

आरोपी की पहचान मोमिनपुरा के डोबी नगर निवासी इमरान इब्राहिम अंसारी (25) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ इसी वर्ष पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में तहसील पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद इमरान ने 40 वर्षीय शिकायतकर्ता को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। वह कुछ लोगों के माध्यम से शिकायतकर्ता पर केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था। हालांकि, शिकायतकर्ता ने मामला वापस लेने से इनकार कर दिया।

ड्रम से सिर कुचलने का प्रयास : शिकायतकर्ता के केस वापस नहीं लेने से नाराज आरोपी ने सोमवार शाम उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से ड्रम उठाकर शिकायतकर्ता का सिर कुचलने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद मामला तहसील थाने पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार दोपहर आरोपी को अदालत में पेश किया गया।


Created On :   13 Oct 2026 4:57 PM IST

Tags

Next Story