Nagpur News: मामूली विवाद में दो मित्रों की हत्या का प्रयास, डिक्की में चाकू लेकर घूम रहा था आरोपी

मामूली विवाद में दो मित्रों की हत्या का प्रयास, डिक्की में चाकू लेकर घूम रहा था आरोपी
  • गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, बीच-बचाव करने पर युवक पर किया चाकू से वार
  • वाठोड़ा इलाके में दिनदहाड़े वारदात, आरोपी गिरफ्तार
  • अदालत में पेश किया गया आरोपी, घायल युवक की हालत गंभीर

Nagpur News मामूली विवाद के चलते 2 मित्रों पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या का प्रयास किया गया। इस वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में वाठोड़ा पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मानसी सोसायटी निवासी नीतिन बब्बुसिंह बैस (36) पिकअप वैन चलाते हैं। दोपहर करीब 1:30 बजे वह वाठोड़ा क्षेत्र में पायल वाइन शॉप के बाजू में स्थित पान ठेले पर अपने मित्र पारस चौधरी, प्रतीक बंड और सोनू कोलते के साथ खड़े थे। इसी दौरान वाठोड़ा निवासी कलीम खान पठान (45) दोपहिया वाहन से वहां पहुंचा।

आते ही कलीम ने नीतिन और उसके मित्रों से गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने कहा कि, "बाजू में हट जाओ, सड़क तुम्हारे बाप की है।" इस पर पारस ने उसे गाली-गलौज करने के लिए फटकार लगाई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर तैश में आए कलीम ने अपने दोपहिया वाहन की डिक्की से चाकू निकाला और पारस पर हमला करने के लिए दौड़ा। इस दौरान नीतिन ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोपी ने उसे पीछे हटने के लिए कहा, लेकिन इसके बाद "पारस के साथ तेरा भी गेम बजाता हूं" कहते हुए नीतिन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में नीतिन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पारस बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी कलीम को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया।


Created On :   13 Oct 2026 3:56 PM IST

Tags

Next Story