- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कोरोना में पिता की मौत के बाद 50...
मामला उजागर: कोरोना में पिता की मौत के बाद 50 लाख पाने के लिए मनपा कर्मचारी ने की धोखाधड़ी, सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोरोना काल में पिता की मौत के बाद मिलने वाली 50 लाख रुपये की सरकारी सहायता हासिल करने के लिए महानगरपालिका (मनपा) के एक कर्मचारी पर कथित तौर पर रिकॉर्ड में छेड़छाड़ और धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग कर सरकारी दस्तावेजों में कथित रूप से फर्जी कागजात जोड़े। विभागीय जांच में मामला उजागर होने के बाद लकड़गंज पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
आरोपी की पहचान गरोबा मैदान निवासी अमित लक्ष्मण ठोंबरे (31) के रूप में हुई है। उसे पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर मनपा में नौकरी मिली थी। वर्तमान में वह मनपा के लकड़गंज स्थित जोन क्रमांक 8 में टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत है। उसके पिता मनपा में चपरासी के पद पर थे और कोरोना काल में उनका निधन हो गया था।
यह भी पढ़े -नीरी और एम्स के वैज्ञानिकों वैज्ञानिकों का अनुसंधान विश्व को दे रहा नई दिशा, एल्सेवियर और स्टैनफोर्ड की सूची में शामिल तीन
50 लाख रुपये पाने के लिए की कथित हेराफेरी
कोरोना काल में संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले सरकारी कर्मचारियों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के लिए सरकार ने 50 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान किया था। इसके तहत निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले परिजनों को सहायता राशि दी जानी थी।
आरोप है कि अमित ने यह राशि हासिल करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया। उसने 16 अप्रैल से 21 अगस्त 2026 के बीच मनपा के सरकारी रिकॉर्ड में कथित तौर पर छेड़छाड़ की और अपनी पात्रता साबित करने के लिए फर्जी दस्तावेज जोड़ दिए।
यह भी पढ़े -हृदयगति रुकने पर तत्काल जीवन बचाने नागरिकों को प्रशिक्षण, मेयो अस्पताल में अभियान के माध्यम से जागरुकता
विभागीय जांच में उजागर हुआ मामला
इस कथित फर्जीवाड़े का पता विभाग के अधीक्षक एवं शिकायतकर्ता जीवराज काले को जांच के दौरान चला। इसके बाद उन्होंने मामले की विस्तृत पड़ताल की। रिकॉर्ड में हेराफेरी की बात सामने आने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।
शिकायत के आधार पर लकड़गंज पुलिस ने अमित ठोंबरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सरकारी रिकॉर्ड में की गई कथित छेड़छाड़ और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
Created On :   13 Oct 2026 8:47 PM IST












