Nagpur News: किसानों को 5 हजार की मदद देना जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा- अनिल देशमुख

किसानों को 5 हजार की मदद देना जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा- अनिल देशमुख
  • प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग
  • कम से कम 3 हेक्टेयर तक मिले सहायता

Nagpur News महाराष्ट्र में सूखे से प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से घोषित 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता पर पूर्व गृहमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता अनिल देशमुख ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सूखा घोषित करते समय राज्य के सभी प्रभावित किसानों को बिना किसी भेदभाव के सहायता देने का बड़ा आश्वासन दिया था। लेकिन अब त्योहारों के समय नियमों और कानूनों का हवाला देकर महज 5 हजार रुपए की मदद घोषित करना किसानों के साथ धोखा और उनका अपमान है। बुधवार को देशमुख ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्राकृतिक आपदा और सूखे के कारण राज्य का किसान पूरी तरह संकट में है। खेतों में तैयार फसलें सूखकर बर्बाद हो गई हैं। ऐसे में किसानों के सामने परिवार का भरण-पोषण करने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सरकार को इस मुश्किल घड़ी में किसानों को आर्थिक सहारा देना चाहिए, लेकिन मामूली सहायता देकर उनके जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है।

प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपए देने की मांग

अनिल देशमुख ने मांग की कि सूखा प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार केवल नियमों और कागजी प्रक्रियाओं तक सीमित न रहे। किसानों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब उन्हें हुए नुकसान के अनुरूप पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपए की मदद देने और यह सहायता अधिकतम 3 हेक्टेयर तक देने की मांग दोहराई। देशमुख के मुताबिक, इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा गया है।

सरकार ने फैसला नहीं बदला तो आंदोलन की चेतावनी

देशमुख ने कहा कि दिवाली से पहले सरकार की ओर से घोषित की गई मामूली सहायता किसानों के साथ मजाक करने जैसी है। सरकार अपने आश्वासन से पीछे हटकर किसानों का अपमान कर रही है, जिसे महाराष्ट्र का किसान बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य सरकार ने जल्द अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सहायता राशि नहीं बढ़ाई, तो किसानों के समर्थन में सड़कों पर उतरकर तीव्र आंदोलन किया जाएगा।


Created On :   14 Oct 2026 4:33 PM IST

Tags

Next Story