समयसीमा बढ़ी: केंद्र ने 31 दिसंबर तक बढ़ाई कर-मुक्त चीनी आयात की समयसीमा, उपभोक्ताओं को राहत देने सरकार ने उठाया कदम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने देश में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए टैरिफ कोटा के तहत 10 लाख टन कच्चे चीनी की कर-मुक्त आयात की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है। त्योहारों के सीजन में आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है। वित्त मंत्रालय ने इस बाबत नई अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले सरकार ने 20 अगस्त को 10 लाख टन कच्चे चीनी के आयात को मंजूरी दी थी। इसकी समय सीमा 31 अक्टूबर को समाप्त हो रही थी। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी नई अधिसूचना के बाद अब कच्चे चीनी के आयात की समय सीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर तक कर दी गई है। सरकार का यह कदम घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती प्रदान करेगा।
यह भी पढ़े -रिलीज से पहले विवादों में घिरी सनी देओल की फिल्म 'सूर्या', IMA ने जताई आपत्ति, सेंसर बोर्ड ने भी दिया अपडेट
उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा चीनी इस्तेमाल करता है। इस बीच, जमाखोरी और दूसरी वजहों से चीनी की कीमत 60 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गई थी। हालांकि, सरकार ने जमाखोरों पर नकेल कसने के लिए स्टॉक रखने की क्षमता कम की और विदेशों से चीनी आयात की भी मंजूरी दी । सरकार यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि त्योहारों में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता हो और आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Created On :  
