साबित हो चुकी सच्चाई!: जयराम रमेश ने कहा - वोट चोरी अब एक साबित हो चुकी सच्चाई, एक्सपोज हो चुकी है प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी

जयराम रमेश ने कहा - वोट चोरी अब एक साबित हो चुकी सच्चाई, एक्सपोज हो चुकी है प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी
  • एसआईआर में मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर निशाना
  • कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। प्रमुख विपक्षी दल ने कहा है कि वोट चोरी अब एक साबित हो चुकी सच्चाई है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी पूरी तरह एक्सपोज हो चुकी है और देश की जनता उन्हें जवाबदेह ठहराएगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के आंकड़ों के मुताबिक, 10 करोड़ से अधिक भारतीयों के वोट देने के संवैधानिक अधिकार पर खतरा मंडरा रहा है। ईसीआई ने नए मतदाताओं के लिए बाधाएं खड़ी करने के उद्देश्य से फॉर्म 6 में गैरकानूनी बदलाव किए। साथ ही, मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर हटाने के लिए फॉर्म 7 के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग को भी बढ़ावा दिया है।

जयराम ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ने ईसीआईनेट का इस्तेमाल करके मतदाता सूची पर नियंत्रण को केंद्रीकृत कर दिया है और इस दौरान सभी कानूनी सुरक्षा प्रावधानों को दरकिनार किया है। पूरा देश आक्रोशित है। जनता में भारी गुस्सा है। दमन के बावजूद विरोध प्रदर्शन जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पूरा तंत्र अब हताशा और घबराहट में लोगों का ध्यान भटकाने और असल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए वह वही कर रहा है जो उसके डीएनए में है-झूठ फैलाना। लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगा।

Created On :   22 Oct 2026 6:22 PM IST

Tags

Next Story