- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सीएम फडणवीस, डीसीएम शिंदे-सुनेत्रा...
सिंहस्थ कुंभ मेला: सीएम फडणवीस, डीसीएम शिंदे-सुनेत्रा ने मुर्मू से मुलाकात कर सौंपा ध्वजारोहण समारोह का औपचारिक निमंत्रण

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 31 अक्टूबर को नासिक और त्र्यंबकेश्वर में होने वाले ध्वजारोहण समारोह का न्योता दिया है। इस समारोह के साथ ही नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आयोजित हो रहे सिंहस्थ कुंभ मेले का उद्घाटन होगा। राष्ट्रपति भवन में द्रौपदी मुर्मू से हुई इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार और राज्य मंत्रिमंडल के कई अन्य मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने राष्ट्रपति मुर्मू को नासिक और त्र्यंबकेश्वर में होने वाले ध्वजारोहण समारोह का औपचारिक निमंत्रण देने के साथ ही एक उपहार भी दिया, जो महाराष्ट्र की अलग-अलग विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं से लेकर आदिवासी उद्यमिता, कपड़ा कला, खेती की खुशहाली और खाद्य संस्कृति से परिचित कराता है। राष्ट्रपति ध्वजारोहण समारोह के दिन ही गोदा आरती, नासिक त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण की वेबसाइट के उद्घाटन, कुंभ मेला गीत के विमोचन, कुंभ मेले पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक और कुंभ मेला डाक टिकट के विमोचन के लिए भी आमंत्रित किया गया है।
यह भी पढ़े -'हर मुद्दे पर सहमति जरूरी नहीं' भारत में अमेरिकी विदेश मंत्री ने दोनों देशों के रिश्तों पर दिया बड़ा संदेश
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री भुजबल, जल संसाधन, आपदा प्रबंधन व कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन, स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, खाद्य एवं औधषि प्रशासक नरहरि जिरवाल, नासिक की मेयर हिमगौरी अडके-अहेर, त्र्यंबक म्युनिसिपल काउंसिल की मेयर त्रिवेणी तुंगर, रामतीर्थ गोदावरी सेवा समिति के नरसिंह कृपा दास, सिंहस्थ कुंभ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष और संभागीय आयुक्त डॉ. प्रवीण गेडाम और कुंभ मेला आयुक्त शेखर सिंह मौजूद थे।
कुंभ मेला- महाराष्ट्र संस्कृति को प्रदर्शित करता एक अनोखा निमंत्रण
राष्ट्रपति को दिया गया निमंत्रण एक कलात्मक अवधारणा पर आधारित है। निमंत्रण बॉक्स खोलते ही कुंभ मेले की पौराणिक पृष्ठभूमि, आध्यात्मिक भव्यता और शान को दिखाने वाला एक थ्री डी (पॉप-अप) आर्टवर्क सामने आता है। यह अवधारणा, जिसमें देखने, सुनने, सूंघने, स्वाद और छूने की पांच इंद्रियों से जुड़े अनुभव शामिल हैं, नासिक की सांस्कृतिक विरासत, पवित्र गोदावरी की महिमा और भारतीय परंपरा में कुंभ मेले के खास महत्व को असरदार तरीके से दिखाता है। बॉक्स में आदिवासी विकास विभाग के तहत शबरी नेचुरल्स के उत्पाद भी शामिल हैं।
Created On :   21 Oct 2026 9:01 PM IST












