Tiger Shroff Firing Case: टाइगर से पहले कपिल शर्मा और बाबा सिद्दीकी तक... सलमान खान के करीबियों को कब-कब मिली धमकी, कहां हुई फायरिंग?

यह भी पढ़े -दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और रसीद केवल गैंग से जुड़े दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार
गुरु रंधावा के जिम के बाहर चली थी गोलियां
जून 2026 में दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर गोलियां चलाई गई थीं। बाइक पर आए दो लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि सलमान खान से नजदीकी के कारण जिम को निशाना बनाया गया।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग
बता दें कि, 1 फरवरी 2026 को फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग हुई थी। बाइक सवार दो लोगों ने कई गोलियां चलाई थीं। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। बाद में सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने पोस्ट करके हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इन पोस्ट में कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम सामने आए।
रणवीर सिंह को धमकाया
अभिनेता रणवीर सिंह को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें व्हाट्सऐप पर एक वॉइस नोट भेजा गया था। इसमें उनसे 10 से 20 करोड़ रुपये मांगे गए थे। यह मामला रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद सामने आया था।
आयुष शर्मा से मांगे गए पैसे
सलमान खान के बहनोई और अभिनेता आयुष शर्मा को भी कथित तौर पर फिरौती के लिए ईमेल भेजा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ईमेल के जरिए उनसे पैसे मांगे गए थे। पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी थी।
यह भी पढ़े -सलमान खान के बाद लॉरेंस गैंग के निशाने पर आमिर खान, कहा - 'लव जिहाद को बढ़ावा देने वालों की सांसें दबा देंगे'
कनाडा में एपी ढिल्लों के घर के बाहर गोलीबारी
रोहित शेट्टी और रंधावा के अलावा साल 2024 में कनाडा में पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। इस घटना के बाद बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। इस मामले को सलमान खान के साथ ढिल्लों के एक म्यूजिक वीडियो से भी जोड़ा गया था।
कपिल शर्मा के कैफे पर हुए हमले
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर भी कई बार फायरिंग की खबरें सामने आई थीं। इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेने के दावे भी किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, गैंग से जुड़े लोगों ने सलमान खान के साथ कपिल की नजदीकी को इसकी वजह बताया था। एक कथित धमकी में सलमान के साथ काम करने वाले कलाकारों और निर्देशकों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी।
बाबा सिद्दीकी का मर्डर
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड ने पूरे देश को हैरान कर के रख दिया था। 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था। सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़े एक व्यक्ति के नाम से पोस्ट करके हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। बाबा सिद्दीकी सलमान खान के करीबी माने जाते थे। हालांकि, किसी भी मामले में आरोपों और दावों को जांच के निष्कर्ष से अलग समझना जरूरी है।
Created On :   19 Oct 2026 2:14 PM IST












