Tiger Shroff Firing Incident: टाइगर श्रॉफ पर हमले में बड़ा खुलासा, फायरिंग के बाद अंधेरी स्टेशन पर मिली बाइक, CCTV में दिखे संदिग्ध

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार को हुई इस घटना के बाद हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस को पता चला है कि गोली चलाने के बाद आरोपी अपनी बाइक अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर भाग गए थए। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, घटना से जुड़े कुछ CCTV फुटेज भी सामने आए हैं जिनमें दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। इस हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए लेकिन उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक को चोट आई है।
यह भी पढ़े -नाना पाटेकर को कलाकार जुहैब खान ने दी अनोखी श्रद्धांजलि, दीवार पर कोयले से बनाई 6 फीट की तस्वीर
अंधेरी स्टेशन के बाहर मिली बाइक
पुलिस के मुताबिक, हमले में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक मुंबई में ही रजिस्टर्ड है। आरोपी वारदात के बाद इसे अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और उसके नंबर, इंजन और चेसिस की मदद से मालिक का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के बाद वे कहां गए।
CCTV में दिखे दो हमलावर
टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाने वाले दो संदिग्धों की तस्वीरें CCTV कैमरे में कैद हुई हैं। दोनों सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। पुलिस इन तस्वीरों की मदद से उनकी तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर की कार पर पांच गोलियां चलाई गई थीं। इस दौरान टाइगर को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गए। बता दें कि, पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।
यह भी पढ़े -श्रेया घोषाल और सोनू निगम की आवाज में लौटा रोमांस, 'प्रहार' के गाने 'तुझ में बसी मेरी जान' ने बांधा समां
एकनाथ शिंदे ने टाइगर से की मुलाकात
घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अभिनेता के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं, लेकिन उन्हें गोली नहीं लगी है। शिंदे के मुताबिक, टाइगर और उनका परिवार इस घटना से परेशान है। परिवार ने बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी या विवाद नहीं है। शिंदे ने भरोसा दिलाया कि सरकार और मुंबई पुलिस उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच को गंभीरता से लिया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
Created On :   19 Oct 2026 9:28 AM IST












