बेबाक अंदाज: KBC के मंच पर नागपुर की श्वेता उमरे का जलवा, अमिताभ बच्चन हुए मुरीद, और... इस बात पर तो दर्शकों ने खड़े होकर बजाई तालियां

KBC के मंच पर नागपुर की श्वेता उमरे का जलवा, अमिताभ बच्चन हुए मुरीद, और... इस बात पर तो दर्शकों ने खड़े होकर बजाई तालियां
  • अमिताभ बच्चन ने खेल भावना और फोरेंसिक क्षेत्र में योगदान को सराहा, इंडिया चैलेंजर्स वीक’ में बटोरी सुर्खियां
  • प्रतिद्वंद्वी की जीत पर जताई खुशी, सहज अंदाज ने जीता दर्शकों का दिल
  • राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व तक पहचान, मंगेतर नितेश कुमार के साथ साझा किए यादगार पल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। टेलीविजन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच पर उपराजधानी की श्वेता उमरे ने अपने ज्ञान और बेबाक अंदाज से खास पहचान बनाई। दिल्ली पुलिस में फोरेंसिक प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत और राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित श्वेता ने सीजन 18 के ‘इंडिया चैलेंजर्स वीक’ में हॉट सीट तक पहुंचकर दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रोग्राम में शो के महानायक अमिताभ बच्चन ने न केवल उनके पेशेवर सफर की सराहना की, बल्कि उनके विचारों और खेल भावना की भी प्रशंसा की। श्वेता ने 13 को फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में स्थान बनाया और 13 अक्टूबर 2026 के एपिसोड में हिस्सा लिया। एपिसोड में उनकी बातों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाई। इसके बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द वीक का सम्मान प्राप्त हुआ, जो 16 तारीक के एपिसोड में दिखाया जाएगा।

प्रतिद्वंद्वी की जीत पर खुशी जताई तो अमिताभ बच्चन ने की सराहना

KBC के मंच पर मुकाबले के बीच श्वेता का ऐसा अंदाज सामने आया, जिसने सबका दिल जीत लिया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके इस व्यवहार की अमिताभ बच्चन ने सराहना की।


फोरेंसिक साइंस से युवा नेतृत्व तक, उपलब्धियों का लंबा सफर

श्वेता उमरे की पहचान केवल KBC की हॉट सीट तक सीमित नहीं है। वह दिल्ली पुलिस में फोरेंसिक प्रोफेशनल के तौर पर कार्यरत हैं। विज्ञान, अनुसंधान और जनसेवा से जुड़े इस चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उन्होंने अपनी पेशेवर पहचान बनाई है। वर्ष 2019 में आयोजित नेशनल यूथ पार्लियामेंट फेस्टिवल में श्वेता को प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसी वर्ष ब्रुनेई दारुस्सलाम में आयोजित राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए उनका चयन राष्ट्रीय युवा प्रतिनिधि के रूप में हुआ था। वर्ष 2023 से 2025 के दौरान उन्होंने कॉमनवेल्थ यूथ पीस एम्बेसडर्स नेटवर्क में भारत की पीस एम्बेसडर के रूप में काम किया। इसके बाद उन्होंने इसी नेटवर्क में शोध एवं नीति प्रमुख की जिम्मेदारी भी निभाई।

मंगेतर के साथ यादगार पल, परिवार के संस्कारों ने दी प्रेरणा

श्वेता के साथ उनके मंगेतर नितेश कुमार भी मौजूद रहे। जो दिल्ली उच्च न्यायालय में वकालत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान अमिताभ ने दोनों से हंसी-मजाक में उनकी पहली मुलाकात के बारे में पूछा। इसके बाद दोनो को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

श्वेता के परिवार में की मां डॉ. सविता शर्मा नागपुर स्थित रीजनल आयुर्वेद रिसर्च इंस्टीट्यूट में असिस्टेंट डायरेक्टर हैं, जबकि उनकी नानी राजरानी शर्मा सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। उनके भाई ऋषि उमरे बी.आर्क की पढ़ाई कर रहे हैं।

खास बात है कि KBC के ‘इंडिया चैलेंजर्स वीक’ में ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष ने भी माहौल को और खास बना दिया।

Created On :   15 Oct 2026 7:41 PM IST

Tags

Next Story