मायके में तांडव: पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी फांसी लगाकर दी जान, सास पर भी किया जानलेवा हमला

पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी फांसी लगाकर दी जान, सास पर भी किया जानलेवा हमला
  • खरवड शिवार में मायके पहुंचकर पत्नी पर लकड़ी के पाए से किया हमला
  • बीच-बचाव करने आई सास गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
  • घटनास्थल से कुछ दूरी पर फंदे से लटका मिला पति का शव, पुलिस जांच में जुटी

डिजिटल डेस्क, हिंगोली. जिले के कलमनुरी तालुका अंतर्गत खरवड शिवार में पारिवारिक विवाद के चलते एक सनसनीखेज घटना वारदात आई है। पत्नी के मायके पहुंचकर पति ने कथित तौर पर लकड़ी के पाए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची सास को भी उसने गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार (15 अक्टूबर) को मामले में कलमनुरी पुलिस थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

मायके पहुंचकर पत्नी पर किया हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खरवड निवासी दीपाली पाईकराव का विवाह कुछ वर्ष पहले धानोरा जहांगीर, तहसील कलमनुरी निवासी विशाल डोंगरे के साथ हुआ था। शुरुआत में वैवाहिक संबंध सामान्य थे, लेकिन बाद में विशाल द्वारा कथित तौर पर दीपाली को परेशान किया जाने लगा। इससे परेशान होकर दीपाली पिछले कुछ दिनों से अपने मायके खरवड में माता-पिता के साथ खेत में रह रही थीं।

इसी दौरान विशाल अपनी ससुराल पहुंचा। उस समय घर में दीपाली और उनकी मां कमलबाई मौजूद थीं। विशाल और दीपाली के बीच विवाद शुरू हो गया। विशाल ने दीपाली से मायके आने को लेकर सवाल किया। इसी बात पर विवाद बढ़ने के बाद उसने लकड़ी के पाए से दीपाली पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दीपाली की मौत हो गई।

बीच-बचाव करने आई सास को भी किया घायल

पत्नी पर हमला होते देख कमलबाई बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन विशाल ने उनके साथ भी मारपीट की। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुछ समय बाद कमलबाई के पति और बेटे के खेत में पहुंचने पर घटना का पता चला। उन्होंने घायल कमलबाई को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।

घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिला पति का शव

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक एन. एस. देशमुख, पुलिस उपाधीक्षक मयूर रसाल, सहायक पुलिस निरीक्षक रघुनाथ शेवाले, उपनिरीक्षक मदन गव्हाणे, विकास आडे तथा पुलिसकर्मियों का दल घटनास्थल पर पहुंचा। निरीक्षण के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर विशाल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार, उसने भी आत्महत्या कर ली थी।

कमलबाई की शिकायत के आधार पर विशाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक मयूर रसाल मामले की आगे जांच कर रहे हैं। घटना से क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

Created On :   15 Oct 2026 7:15 PM IST

Tags

Next Story