हिंगोली पटाखा अग्निकांड: लातूर में उपचार के दौरान दमकल कर्मचारी दिलीप दौड़के ने तोड़ा दम, पालकमंत्री जिरवाल ने पीड़तों से की मुलाकात

लातूर में उपचार के दौरान दमकल कर्मचारी दिलीप दौड़के ने तोड़ा दम, पालकमंत्री जिरवाल ने पीड़तों से की मुलाकात
  • मारवाड़ी गली में सोमवार रात पटाखों के गोदाम में लगी थी भीषण आग
  • हादसे में 20 से अधिक लोग घायल, दो की मौके पर ही हुई थी मौत
  • पालकमंत्री जिरवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों का जाना हाल

डिजिटल डेस्क, हिंगोली। शहर की मारवाड़ी गली में सोमवार रात हुए पटाखा अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल नगर पालिका के दमकल विभाग के कर्मचारी दिलीप दौड़के की बुधवार देर रात लातूर में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने रात करीब 1.30 बजे दम तोड़ा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे गोपाल बासटवार के घर में कथित रूप से अवैध तरीके से रखे पटाखों के गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

गंभीर रूप से घायल दिलीप दौड़के को बेहतर उपचार के लिए लातूर ले जाया गया था। वहां उपचार के दौरान बुधवार देर रात उनकी मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या तीन हो गई है।

अवैध पटाखा भंडारण पर उठे सवाल

घनी आबादी वाले इलाके में कथित रूप से अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण किए जाने को लेकर संबंधित विभागों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों ने मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पालकमंत्री जिरवाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

हादसे के बाद पालकमंत्री नरहरि जिरवाल ने 7 अक्टूबर को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

जिरवाल ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उपचार करा रहे घायलों का हाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस अवसर पर सांसद रामराव वडकुटे, विधायक राजू नवघरे, शिवाजी मुटकुले, बीडी बांगर, दिलीप चहवाण सहित अन्य पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Created On :   7 Oct 2026 9:47 PM IST

Next Story