जानलेवा हमला: सामूहिक कुएं के पानी पर खूनी संघर्ष, भतीजे ने चाचा-चाची की चाकू से गोदकर की हत्या

- खेती और सिंचाई को लेकर चल रहा था विवाद, रविवार सुबह वारदात से वडद गांव में सनसनी
- पहले खेत में चाचा पर किया हमला, फिर घर पहुंचकर चाची को उतारा मौत के घाट
- पहले खेत में चाचा पर किया हमला, फिर घर पहुंचकर चाची को उतारा मौत के घाट
- पुलिस ने आरोपी भतीजे को हिरासत में लिया, दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
डिजिटल डेस्क, हिंगोली. जिले की औंढा नागनाथ तहसील के वडद गांव में रविवार, 25 अक्टूबर की सुबह खेती और सामूहिक कुएं के पानी को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि भतीजे देवेंद्र चोपडे ने अपने चाचा त्र्यंबक चोपडे (55) और चाची मंगलाबाई चोपडे की चाकू से वार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पहले खेत में चाचा पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, त्र्यंबक चोपडे और उनके भतीजे देवेंद्र के बीच पिछले कुछ दिनों से खेती को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के खेत में सामूहिक कुआं है। कुएं के पानी से फसलों की सिंचाई करने को लेकर भी दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। बताया जाता है कि कुछ बिचौलियों की मदद से पहले छोटे-मोटे विवाद सुलझा लिए जाते थे।
यह भी पढ़े -सड़क पर पड़े पत्थर ने ली युवक की जान, डिवाइडर से जा टकराई बाइक, खाना खाकर लौट रहे थे दो दोस्त
रविवार सुबह करीब 9 बजे त्र्यंबक चोपडे खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान देवेंद्र वहां पहुंचा और उनसे विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू से त्र्यंबक पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में गंभीर रूप से घायल त्र्यंबक खून से लथपथ होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
घर पहुंचकर चाची पर भी चाकू से वार
चाचा पर हमला करने के बाद देवेंद्र गांव पहुंचा और सीधे उनके घर चला गया। उस समय त्र्यंबक का बेटा बाहरगांव गया हुआ था और उनकी पत्नी मंगलाबाई घर में अकेली थीं। आरोप है कि देवेंद्र ने घर में घुसकर मंगलाबाई पर भी चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी भी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल के पास ही मौजूद रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्रेणिक लोढ़ा, अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश मीणा, औंढा थाने के निरीक्षक शामकुमार डोंगरे, सहायक निरीक्षक अय्यूब शेख, उपनिरीक्षक शेख खुद्दूस, श्रीधर वाघमारे, जमादार रवीकांत हरकाल और ओंकारेश्वर रांजणीकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र चोपडे को हिरासत में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जवला बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। खेती और कुएं के पानी को लेकर हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे औंढा नागनाथ तहसील में सनसनी फैल गई है।
Created On :  
