हादसा: सड़क पर पड़े पत्थर ने ली युवक की जान, डिवाइडर से जा टकराई बाइक, खाना खाकर लौट रहे थे दो दोस्त

सड़क पर पड़े पत्थर ने ली युवक की जान, डिवाइडर से जा टकराई बाइक, खाना खाकर लौट रहे थे दो दोस्त
  • आउटर रिंग रोड से खाना खाकर लौट रहे थे दो दोस्त
  • हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
  • पिपला-खरसोली रोड पर डी-मार्ट के पास हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में सड़क पर पड़े पत्थर के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का मेडिकल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।

क्या है मामला

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हुड़केश्वर के महाकाली नगर निवासी आर्यन गुणवंत लांडे (20) अपने दोस्त प्रथमेश योगेश शिरपुरकर (22), निवासी भोलेबाबा नगर, के साथ 24 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे उसके मित्र की बाइक लेकर आउटर रिंग रोड पर खाना खाने गया था। भोजन करने के बाद दोनों घर लौट रहे थे।

इसी दौरान पिपला-खरसोली रोड पर डी-मार्ट के पास आस्था नगर के नजदीक सड़क पर पड़े पत्थर के ऊपर से बाइक गुजरने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में एक की मौत

हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आर्यन को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रथमेश का उपचार जारी है। मृतक के भाई अमन गुणवंत लांडे (23) की सूचना पर हुड़केश्वर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक नरेश साखरकर मामले की आगे जांच कर रहे हैं।


Created On :  

Tags

Next Story