छापामार कार्रवाई: नारा गांव में प्रतिबंधित तंबाकू-पान मसाला जब्त, एक गिरफ्तार - टीम ने मारा छापा

नारा गांव में प्रतिबंधित तंबाकू-पान मसाला जब्त, एक गिरफ्तार - टीम ने मारा छापा
  • 56,485 रुपये का माल बरामद
  • पुलिस परिमंडल-6 के विशेष दस्ते की कार्रवाई
  • विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में प्रतिबंधित तंबाकू मिश्रित पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त परिमंडल-6 के विशेष दस्ते ने जरीपटका थाना क्षेत्र के नारा गांव में छापा मारकर प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू और विभिन्न कंपनियों का पान मसाला जब्त किया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर छापा : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे विशेष दस्ते को प्रतिबंधित तंबाकू मिश्रित पदार्थों की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने नारा गांव में माता मंदिर के पास छापा मारा। इस दौरान मयूर अशोक यादव (40), निवासी पवनपुत्र सोसायटी, नारा बस स्टॉप के पास, जरीपटका को प्रतिबंधित तंबाकू मिश्रित पदार्थों के साथ पकड़ा गया।

56,485 रुपये का माल बरामद : तलाशी के दौरान आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के सुगंधित तंबाकू के कुल 24.840 किलोग्राम पैकेट बरामद हुए। इसके अलावा राजश्री, विमल, पीके और केपी ब्लैक सहित अन्य ब्रांड के पाउच तथा तंबाकू के डिब्बे भी मिले। जब्त सामग्री की कुल कीमत 56,485 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इन पदार्थों को आर्थिक लाभ के लिए बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखा था।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज : पुलिस हवलदार रोमेश मेनेवार की शिकायत पर जरीपटका थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 223, 274 और 275 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को जब्त माल के साथ जरीपटका पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई : पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त विनिता साहू, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल और सहायक पुलिस आयुक्त सत्यवीर बंडीवार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। विशेष दस्ते में सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल ढोकणे, पुलिस हवलदार अरुण चांदणे, स्नेहदीप पानतावणे, सचिन टांगले और महिला पुलिस हवलदार आशा वानखेड़े शामिल थे।

Created On :  

Next Story