Nagpur News: गुवाहाटी में दो युवकों को बंधक बनाकर जिंदा जलाने की धमकी, 15 लाख की फिरौती मांगी

Nagpur News बैंक खाते का इस्तेमाल करने के विवाद में दो युवकों को गुवाहाटी में बंधक बनाकर जिंदा जलाने की धमकी देने और उन्हें छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नागपुर की तहसील पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसाम के चिरांग जिले में पहुंचकर दोनों बंधक युवकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
प्रकरण में पुलिस ने नागपुर के लष्करीबाग निवासी 28 वर्षीय नितीन दिलीप वंजारी को गिरफ्तार किया है, जबकि रॉकी नामक मुख्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने शनिवार को तहसील थाने में आयोजित पत्र परिषद में दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में शिकायतकर्ता का भाई हसनैन और उसका मित्र रोशन नागपुर, 11 अक्टूबर 2026 को काम के सिलसिले में गुवाहाटी गए थे। इस दौरान शिकायतकर्ता की अपने भाई से फोन पर बातचीत होती रही।
बातचीत के दौरान हसनैन ने बताया कि वह भंडारा निवासी सुमित सहारे के बैंक ऑफ इंडिया के खाते से जुड़े मामले में गुवाहाटी आया है। इसके बदले उसे 20 हजार रुपये मिलने वाले थे। आरोप है कि संबंधित बैंक खाते का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के रूप में किया जाना था। म्यूल अकाउंट का उपयोग आमतौर पर दूसरे लोगों के पैसों के लेन-देन के लिए किया जाता है।
खाते में रकम निकालने पर मिली जान से मारने की धमकी
14 अक्टूबर को हसनैन ने शिकायतकर्ता को फोन कर बताया कि सुमित सहारे ने बैंक खाते में पंजीकृत सिम कार्ड निकाल लिया है। खाते में केवल 54 लाख रुपये होने की जानकारी देते हुए उसने कहा कि उसमें जमा रकम नहीं निकाली जानी चाहिए। ऐसा नहीं करने पर रॉकी नामक व्यक्ति ने उसे और उसके मित्र को जिंदा जलाने की धमकी दी है।
इस सूचना के बाद शिकायतकर्ता 14 अक्टूबर को भंडारा पहुंचे और सुमित सहारे से मुलाकात कर खाते से पैसे नहीं निकालने का अनुरोध किया। इसी बीच रॉकी नामक व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को वीडियो कॉल किया। उसने हसनैन और रोशन को बंधक बनाने की बात कही और दोनों को जिंदा जलाकर मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने अश्लील गाली-गलौज करते हुए दोनों को छोड़ने के बदले पहले 28 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने 15 लाख रुपये देने की मांग की। इस धमकी के बाद शिकायतकर्ता ने तहसील पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से आसाम पहुंची पुलिस : जांच के दौरान पुलिस ने नागपुर के लष्करीबाग, गुप्ता आटा चक्की के पास, गली नंबर 9 निवासी नितीन दिलीप वंजारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने रॉकी से परिचित होने की जानकारी भी दी।
यह भी पढ़े -शहर के वोटरों को ग्रामीण क्षेत्र में करना पड़ा मतदान, 15 किलोमीटर दूर तक बनाए गए मतदान केंद्र, बुजुर्ग मतदाताओं को हुई परेशानी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हसनैन के बैंक खाते का इस्तेमाल करना चाहते थे और इसी सिलसिले में दोनों युवक गुवाहाटी गए थे। रॉकी ने उन्हें बंधक बनाकर छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की मांग की थी। यह रकम यूएसएआईडी (USAID) के माध्यम से रॉकी तक पहुंचाने की बात भी जांच में सामने आई, हालांकि इस लेन-देन से संबंधित विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच का विषय है।
गिरफ्तार आरोपी से रॉकी का मोबाइल नंबर मिलने के बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया। मोबाइल लोकेशन आसाम के चिरांग जिले में मिली। इसके बाद तहसील पुलिस की टीम तत्काल वहां पहुंची। नागपुर के पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने स्थानीय पुलिस की मदद से टीम को संबंधित लोकेशन पर कार्रवाई के लिए भेजा।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों बंधक युवक सुरक्षित अवस्था में मिल गए। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही रॉकी घटनास्थल से फरार हो गया था। तहसील पुलिस दोनों युवकों को सुरक्षित नागपुर लेकर आई। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और फरार रॉकी की तलाश की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई : यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त विनीता साहू (उत्तर विभाग), पुलिस उपायुक्त राहुल मदने (परिमंडल क्रमांक 3) तथा लकड़गंज विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त पारवे के मार्गदर्शन में की गई।
तहसील पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय किसनराव मेंढे के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक मनीष शाहाकार, कुलदीप गडम तथा पुलिसकर्मी प्रदीप सोनटक्के, अतुल ढवंडे, सचिन जैस्वाल, राजेश ठवळे, संदीप शिरफुले, महेंद्र सेलोकर, उमाकांत नागदिवे और संजय तिवारी ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
Created On :  

