महाराष्ट्र: जलाशयों में पानी की कमी, रबी सीजन के लिए नहीं मिलेगा पानी, किसानों से गेहूं न बोने की अपील

जलाशयों में पानी की कमी, रबी सीजन के लिए नहीं मिलेगा पानी, किसानों से गेहूं न बोने की अपील
  • राज्य के जल संसाधन विभाग ने पेंच के पानी पर निर्भर न रहने का किया अनुरोध
  • रबी सीजन के लिए नहीं मिलेगा पानी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. महाराष्ट्र शासन के जल संसाधन विभाग (पेंच नवीनीकरण उपविभाग क्र. 1, मौदा) ने रबी सीजन 2026-27 के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विभाग के अनुसार, "अल नीनो' के प्रभाव से हुई कम बारिश के कारण प्रमुख बांधों में जलस्तर काफी घट गया है। इसके मद्देनजर आगामी रबी सीजन के लिए सिंचाई हेतु पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। साथ ही किसानों से पेंच परियोजना के पानी पर निर्भर रहकर गेहूं व अन्य रबी फसलों की बुवाई न करने का अनुरोध किया गया है।

बांधों में कम हुआ जलस्तर

उपविभागीय अभियंता कार्यालय द्वारा पानी उपयोगकर्ता संस्थाओं को जारी पत्र के अनुसार, खिंडसी, तोतलाडोह और नवेगांव खैरी जलाशयों में जलभंडार काफी सीमित है। कार्यकारी अभियंता, पेंच सिंचाई विभाग (नागपुर) की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के तहत यह स्पष्ट किया गया है कि पेंच परियोजना से रबी फसलों के लिए सिंचाई जल उपलब्ध कराना संभव नहीं होगा।

किसानों को दी गई चेतावनी

विभाग ने संबंधित संस्थाओं और ग्राम पंचायतों को अपने क्षेत्र के सभी किसान सदस्यों को इस संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि, उपलब्ध जलभंडार को देखते हुए किसान पेंच के पानी पर निर्भर रबी फसलों की बुवाई करने से बचें। यदि कोई किसान इस चेतावनी के बाद भी रबी फसलों (विशेष रूप से गेहूं) की बुवाई करता है, तो उसके लिए आवश्यक सिंचाई जल की पूरी जिम्मेदारी स्वयं किसान की होगी। पेंच सिंचाई विभाग की ओर से फसलों के लिए कोई पानी नहीं छोड़ा जाएगा। विभाग ने सभी संबंधितों से उपलब्ध जल का उचित नियोजन करने, मितव्ययिता से उपयोग करने और इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।

Created On :  

Tags

Next Story