Nagpur News: काटोल रोड पर भीषण आग से वाहन समेत जनरेटर जलकर खाक

काटोल रोड पर भीषण आग से वाहन समेत जनरेटर जलकर खाक
  • शुक्रवार तड़के 3:30 बजे की घटना, चालक ने धुआं उठते ही वाहन से निकलकर बचाई जान
  • दमकल दल ने 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
  • शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, सदर पुलिस ने दर्ज किया मामला

Nagpur News काटोल रोड परिसर में शुक्रवार तड़के जनरेटर सेट लेकर लौट रहे एक वाहन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन और उसमें रखा जनरेटर सेट पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना तड़के करीब 3:30 बजे जगनाड़े चौक के समीप हुई। सूचना मिलते ही मनपा के अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

धुआं उठते ही वाहन से बाहर निकला चालक : प्राप्त जानकारी के अनुसार, काटोल रोड स्थित जगनाड़े चौक के समीप गणेश नगर निवासी अशोक नैस का वाहन जनरेटर सेट के साथ किराये पर दिया जाता है। गुरुवार को जगनाड़े चौक की सार्वजनिक दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए गोरेवाड़ा ले जाया गया था। इसके लिए वाहन क्रमांक MH-31-CQ-7580 को जनरेटर सेट के साथ भेजा गया था। वाहन चालक आकाश सलामे शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान काटोल रोड के पास वाहन के अगले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। चालक ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल दल ने एक घंटे में बुझाई आग : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे नागरिकों ने घटना की जानकारी मनपा के कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही सिविल अग्निशमन दल के प्रभारी देवानंद शामकुले के नेतृत्व में दमकल कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। अग्निशमन कर्मचारियों ने आग बुझाने के लिए प्रयास शुरू किए और करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक वाहन के केबल, दरवाजे, सीट और इंजन समेत जनरेटर सेट पूरी तरह जल चुके थे।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका : प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सदर पुलिस ने मामले में दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


Created On :  

Tags

Next Story