- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महिला बस कंडक्टर के हाथ से टिकट...
करतूत: महिला बस कंडक्टर के हाथ से टिकट मशीन छीनकर भागा आरोपी, सीसीटीवी कैमरे के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में आपली बस सेवा की एक महिला कंडक्टर से लूट की घटना सामने आई है। काटोल रोड स्थित नर्मदा कॉलोनी बस स्टॉप के पास एक युवक ने महिला कंडक्टर के हाथ से करीब 10 हजार रुपये कीमत की इलेक्ट्रॉनिक टिकट वेंडिंग मशीन छीन ली और मौके से फरार हो गया। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। शिकायत के आधार पर गिट्टीखदान पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यात्री बनकर बस में चढ़ा था आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता स्नेहा गणेश खिरडकर (27), दिघोरी निवासी हैं और आपली बस सेवा में कंडक्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह बस क्रमांक एम एच 40 - डी सी- 0464 पर ड्यूटी कर रही थीं। 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 से 3.30 बजे के बीच बस ब्राह्मणी फाटा से सीताबर्डी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करीब 21 से 25 वर्ष की उम्र का एक युवक बस में चढ़ा और न्यू काटोल नाका तक का टिकट मांगा।
यह भी पढ़े -नवरात्रि के नौ दिनों तक एस.के. गरबा ग्रुप की धूम, पूरे विदर्भ में शानदार प्रस्तुतियों से हासिल किया प्रथम स्थान
20 लेकर दिया 16 रुपए का टिकट
युवक ने टिकट के लिए 20 रुपये दिए। महिला कंडक्टर ने उसे 16 रुपये का टिकट जारी किया और बाकी 4 रुपये बाद में लौटाने की बात कही, क्योंकि उस समय उनके पास खुले पैसे नहीं थे। इसके कुछ देर बाद बस नर्मदा कॉलोनी बस स्टॉप पर पहुंची। यात्रियों को उतरने देने के लिए जैसे ही कंडक्टर ने बस का दरवाजा खोला, आरोपी ने मौका देखकर उनके हाथ से इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन छीन ली।
मशीन छीनकर बस से कूदा, फिर हुआ फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत बस से नीचे कूदा और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से महिला कंडक्टर हैरान रह गईं। बाद में उन्होंने पुलिस से शिकायत की। स्नेहा खिरडकर की शिकायत पर गिट्टीखदान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की सीसीटीवी कैमरे की मदद से पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Created On :   22 Oct 2026 9:15 PM IST











