स्नातक चुनाव: 38 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला, 2 लाख 55 हजार वोटर करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

38 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला, 2 लाख 55 हजार वोटर करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
  • नागपुर समेत छह ज़िलों में 445 पोलिंग स्टेशन
  • पोलिंग टीमों ने संभाला मोर्चा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. विभाग स्नातक चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी हो गई है। शुक्रवार 23 अक्टूबर को सुबह 8 से 4 बजे तक मतदान होगा। भाजपा, कांग्रेस समेत 38 उम्मीदवार चुनावी समर में किस्मत आजमा रहे है। 2 लाख 55 हजार 603 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 1 लाख 47 हज़ार 280 पुरुष, 1 लाख 8 हज़ार 301 महिला और 22 अन्य वोटर शामिल हैं। नागपुर समेत छह ज़िलों में कुल 445 पोलिंग स्टेशन तैयार किए गए हैं। चुनाव कार्य में लगे कर्मचारियों ने पोलिंग बूथों पर मोर्चा संभाल लिया है। पालिंग बूथ परिसर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है। मतगणना 27 अक्टूबर मानकापुर स्थित विभागीय क्रीड़ा संकुल में होगी।

जिले में सबसे ज़्यादा 1 लाख 44 हजार वोटर

जिले में सबसे ज़्यादा 1 लाख 44 हज़ार 466 वोटर हैं। चंद्रपुर जिले में 32 हज़ार 262, गोंदिया जिले में 22 हज़ार 176, वर्धा जिले में 21 हज़ार 742, भंडारा जिले में 21 हज़ार 349 और गडचिरोली जिले में 13 हज़ार 608 वोटरहैं। पोलिंग स्टेशनों की संख्या में भी नागपुर जिला सबसे आगे है। नागपुर जिले में 246, चंद्रपुर जिले में 58, वर्धा जिले में 41, गोंदिया जिले में 39, भंडारा जिले में 35 और गडचिरोली जिले में 26 पोलिंग स्टेशन हैं।

ढाई हज़ार से ज़्यादा अधिकारी- कर्मचारियों की तैनाती

वोटिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए, नागपुर विभाग के सभी छह जिलों में पोलिंग टीमे तैनात की गई हैं। चुनावी कार्य के लिए 2 हज़ार 535 अधिकारी, कर्मचारियों को लगाया गया है। केंद्र सरकार के 476 अधिकारी चुनावी ड्यूटी में लगे है। गडचिरोली ज़िले में केंद्र सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के 32 अधिकारियों को काम पर लगाया गया है।

वोटिंग के लिए छुट्टी

शासकीय कर्मचारी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके, इसलिए उन्हें स्पेशल कैज़ुअल लीव दी गई है। यह छुट्टी कर्मचारियों को मिलने वाली रेगुलर कैज़ुअल लीव के अतिरिक्त होगी। निर्वाचन अधिकारी विजयलक्ष्मी बिदरी ने प्राइवेट सेक्टर में काम करनेवाले कर्मचारियों को वोटिंग के लिए 4 घंटे की विशेष छूट दी है।

Created On :   22 Oct 2026 8:47 PM IST

Tags

Next Story