दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा पर पथराव में युवक समेत कई घायल, मलकापुर में 46 वर्षीय शख्स पर तेजाब से हमला

दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा पर पथराव में युवक समेत कई घायल, मलकापुर में 46 वर्षीय शख्स पर तेजाब से हमला
  • पथराव में विट्ठल आनंदा काले घायल, अन्य नागरिकों को भी आईं चोटें
  • आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े मंडल के कार्यकर्ता
  • पथराव में विट्ठल आनंदा काले घायल, अन्य नागरिकों को भी आईं चोटें

डिजिटल डेस्क, मालेगांव. बुधवार रात करीब 8.30 बजे निकाली जा रही दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में एक युवक समेत कई नागरिकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पथराव के बाद शोभायात्रा बीच में ही रोकनी पड़ी। देर रात तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी और पुलिस प्रशासन हालात सामान्य करने के प्रयासों में जुटा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय क्रमांक 4 के नवदुर्गा जनता नवदुर्गा उत्सव मंडल की विसर्जन शोभायात्रा जारी थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने अचानक शोभायात्रा पर पथराव शुरू कर दिया। मंडल के कार्यकर्ताओं ने सतर्कता बरतते हुए मूर्ति को नुकसान नहीं पहुंचने दिया। हालांकि, पथराव में विट्ठल आनंदा काले नामक युवक घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ अन्य नागरिकों को भी मामूली चोटें आईं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मंडल के पदाधिकारियों और उपस्थित युवाओं ने आक्रोश जताते हुए पथराव करने वालों की पहचान कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक विसर्जन शोभायात्रा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके चलते जुलूस को घटनास्थल पर ही रोक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के साथ ही मंडल के पदाधिकारियों से चर्चा कर विसर्जन शोभायात्रा आगे बढ़ाने के प्रयास किए गए। रात 1 बजे के बाद भी क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई थी और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए था।

मलकापुर में 46 वर्षीय शख्स पर तेजाब से हमला, जान से मारने की कोशिश

उधर मलकापुर शहर के सुनील टॉकीज रोड परिसर में 2 अज्ञात हमलावरों ने 46 वर्षीय राकेश मोहनदास तलरेजा पर तेजाब फेंककर उनकी हत्या की कोशिश की। हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी दुपहिया वाहन से मौके से फरार हो गए। इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, बुधवार, 21 अक्टूबर की रात करीब 8.25 बजे सुनील टॉकीज रोड पर यह घटना हुई। निवासी राकेश मोहनदास तलरेजा (46) के चेहरे, आंखों और शरीर पर अज्ञात कारणों से तेजाब फेंका गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों आरोपी दुपहिया वाहन से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर राकेश के चचेरे भाई संदीप गोकुलदास तलरेजा (30) ने मलकापुर शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 2 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (1), 124 (1) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत झेडगे ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई की, जबकि सहायक पुलिस निरीक्षक देवीदास पाटील मामले की जांच कर रहे हैं। तेजाब हमले के पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है।

Created On :   22 Oct 2026 8:39 PM IST

Tags

Next Story