दो जगह जानलेवा हमले: गरबा विवाद में युवक पर चाकू से वार और हत्या के गवाह का गला रेतने की कोशिश

गरबा विवाद में युवक पर चाकू से वार और हत्या के गवाह का गला रेतने की कोशिश
  • गरबा पंडाल में हंगामा करने पर निकाला बाहर, बदला लेने के लिए युवक पर किया हमला
  • हत्या के मामले में गवाही देने वाले युवक को जमानत पर छूटे आरोपियों ने बनाया निशाना
  • चाकू और तलवार लहराकर दहशत, दोनों मामलों में हत्या के प्रयास के केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विजयादशमी की रात नागपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों पर जानलेवा हमले किए गए। अजनी क्षेत्र में गरबा पंडाल से बाहर निकाले जाने की रंजिश में शराब के नशे में धुत युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। वहीं, बेलतरोड़ी क्षेत्र में हत्या के मामले के एक प्रत्यक्षदर्शी पर आरोपियों ने हमला कर उसका गला रेतने का प्रयास किया। दोनों घटनाओं में घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।

गरबा से निकाला तो चाकू से किया हमला

अजनी क्षेत्र के 85 प्लॉट निवासी कृष्णा श्यामलाल बरादिया (19) इवेंट का काम करता है। दशहरे की रात वह अपने मित्र अथर्व वाडिभस्मे (22) के साथ शीतला माता मंदिर के पास आयोजित गरबा उत्सव में व्यवस्था संभाल रहा था। इसी दौरान तेजस अमोल ढेंगे (22), अलताफ मंजूर आलम अंसारी (21) और उनके 2 साथी कथित तौर पर नशे में पंडाल में हंगामा करने लगे और लोगों से गाली-गलौज करने लगे। बाउंसरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। इससे नाराज आरोपियों ने कृष्णा और अथर्व को रुद्र बार के पास बुलाया और विवाद के दौरान अथर्व पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अथर्व को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अजनी पुलिस ने तेजस और अलताफ को गिरफ्तार कर अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।

हत्या के गवाह का गला रेतने की कोशिश

दूसरी घटना कैकाड़ी नगर झोपड़पट्टी की है। यहां 27 वर्षीय लालसिंह पटले वर्ष 2024 में हुई दिलीप साहू की हत्या के मामले में प्रत्यक्षदर्शी बताया जाता है। मामले के आरोपी ओमप्रकाश किशोर पापड़े (29), पियूष सुंदर लिल्हारे (22) और आकाश सुदाम लिल्हारे (24) कुछ दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आए थे। आरोप है कि वे गवाही को लेकर लालसिंह को धमका रहे थे। विजयादशमी की रात विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अपने साथी गजानन सूर्यवंशी (27) और संजय वर्मा (23) के साथ मिलकर लालसिंह पर लात-घूंसों और डंडों से हमला किया। ओमप्रकाश ने चाकू से उसका गला रेतने का प्रयास किया, लेकिन लालसिंह ने हाथ से चाकू पकड़कर खुद को बचाया। लालसिंह के परिजन और बस्ती के लोग बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने तलवार निकालकर हवा में लहराई और बीच में आने पर जान से मारने की धमकी दी। घायल लालसिंह को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेलतरोड़ी पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Created On :   21 Oct 2026 8:28 PM IST

Tags

Next Story