- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महिला मित्र की हत्या कर खाली मकान...
सनसनी: महिला मित्र की हत्या कर खाली मकान में दफनाया शव, रौंगटे खड़े कर देगी शिक्षक की खौफनाक करतूत

डिजिटल डेस्क, नागपुर/हिंगना। पहले दोस्ती, झगड़ा और फिर खौफनाक वारदात! चंद्रपुर में महिला दोस्त की हत्या के आरोपी शिक्षक ने कथित तौर पर ऐसा रास्ता चुना, जिसे सुनने वालों के भी रौंगटे खड़े हो जाएंगे। वारताद को अंजाम भी इस कदर दी कि किसी को भनक तक न लगे। महिला की मौत के बाद उसने शव को 1 दिन तक अपनी कार की डिक्की में रखा। इसके बाद कार लेकर नागपुर जिले के हिंगना पहुंचा और आधार नगरी स्थित अपने खाली मकान के एक कमरे में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया। किसी को शक न हो, इसलिए ऊपर से फर्श भी बिछा दी। वारदात के बाद वह वापस चंद्रपुर लौट गया, मानो कुछ हुआ ही न हो। लेकिन महिला के लापता होने की जांच में पुलिस ऐसे सुराग तक पहुंची, जिसने इस खौफनाक राज से पर्दा उठा दिया।
मामले में चंद्रपुर पुलिस ने 49 वर्षीय शिक्षक संतोष भगवान साखरकर को गिरफ्तार किया है। मृत महिला की पहचान 45 वर्षीय वैशाली विलास टिपले, निवासी चंद्रपुर के रूप में हुई है। रविवार, 18 अक्टूबर को हिंगना के आधार नगरी स्थित मकान में खुदाई कर महिला का शव बाहर निकाला गया। घटना सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
विवाद के बाद हत्या का आरोप, डिक्की में रखा शव
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संतोष और वैशाली एक-दूसरे के करीबी मित्र थे। चर्चा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध भी थे। 14 अक्टूबर को चंद्रपुर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान संतोष ने गुस्से में किसी भारी वस्तु से वैशाली पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद आरोपी ने पुलिस को सूचना देने के बजाय शव को ठिकाने लगाने की कथित योजना बनाई। उसने शव को अपनी कार की डिक्की में रखा और करीब 1 दिन तक उसे वहीं रहने दिया। इसके बाद 15 अक्टूबर को वह शव लेकर हिंगना के आधार नगरी स्थित अपने खाली मकान पहुंचा।
खाली मकान में खोदा गड्ढा, ऊपर से बिछा दिया फर्श
आधार नगरी स्थित मकान फिलहाल खाली था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने मकान के पीछे बने एक कमरे में गड्ढा खोदा और कथित तौर पर वैशाली का शव उसमें दफना दिया। इसके बाद उसने गड्ढे के ऊपर फर्श बिछा दी, ताकि किसी को वहां खुदाई किए जाने का संदेह न हो।
इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के इरादे से उसने महिला का मोबाइल फोन रास्ते में रेलवे की एक सुरंग में फेंक दिया। इसके बाद वह वापस चंद्रपुर लौट गया। उसे शायद उम्मीद थी कि मकान के भीतर दफन यह राज लंबे समय तक सामने नहीं आएगा। लेकिन वैशाली के लापता होने की शिकायत के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ती गई।
मोबाइल फोन की जांच से खुला राज, आधी रात को हुई खुदाई
वैशाली के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद चंद्रपुर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को उसका मोबाइल फोन मिला। कॉल डिटेल्स की पड़ताल करते हुए पुलिस संतोष तक पहुंची। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो कथित हत्या और शव को हिंगना स्थित मकान में दफनाने का मामला सामने आया।
इसके बाद चंद्रपुर के पुलिस निरीक्षक श्याम गव्हाणे पुलिस दल के साथ शनिवार, 17 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे आरोपी को लेकर हिंगना पुलिस थाने पहुंचे। हिंगना के थानेदार प्रदीप घोंगे और उपनिरीक्षक संतोष राठोड ने मामले की जानकारी संबंधित तहसीलदार को दी। इसके बाद नायब तहसीलदार नितिन गोहणे की मौजूदगी में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे।
पंचों की मौजूदगी में वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए रात करीब 1:30 बजे कमरे में खुदाई शुरू की गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद जमीन के नीचे दफन महिला का शव बाहर निकाला गया। पंचनामा पूरा करने के बाद शव चंद्रपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
चंद्रपुर पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात की आगे की जांच चंद्रपुर पुलिस कर रही है।
Created On :   19 Oct 2026 8:31 PM IST
Tags
- Nagpur News
- Maharashtra News
- नागपुर
- महाराष्ट्र समाचार
- नागपुर शहर
- नागपुर ग्रामीण
- कामठी
- हिंगना
- कलमेश्वर
- काटोल
- नरखेड़
- सावनेर
- उमरेड
- कुही
- भिवापुर
- मौदा
- पारशिवनी
- रामटेक
- कन्हान
- वाडी
- बुटीबोरी
- कोराडी
- खापरखेड़ा
- मोहपा
- कोंढाली
- वर्धा रोड
- वलनी
- पेंच
- येरखेड़ा
- वडधामना
- बेसा
- मानकापुर
- जरीपटका
- कामठी रोड
- पारडी
- वाठोडा
- हुडकेश्वर
- नंदनवन
- दिघोरी
- बेलतरोड़ी
- मानेवाड़ा
- नरेंद्रनगर
- प्रतापनगर
- सोनेगांव
- अजनी
- धरमपेठ
- सदर
- महाल
- इतवारी
- गंजपेठ












