- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सीएम फडणवीस बोले- भास्कर गरबा...
उत्सव और उत्साह का रंग: सीएम फडणवीस बोले- भास्कर गरबा नागपुर की संस्कृति का अटूट हिस्सा, सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें

डिजिटल डेस्क, नागपुर. महाराष्ट्र के सीएम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भास्कर गरबा उपराजधानी की संस्कृति का अटूट हिस्सा है। उन्होंने आयोजन में शिरकत की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने दैनिक भास्कर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पारंपरिक गरबे की शुरुआत करने वाला भास्कर आज इस उत्सव को नागपुर की संस्कृति का अटूट हिस्सा बना चुका है। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपनी उपस्थिति भी दर्ज कराई।
सर्वस्वरूपे सर्वेशे सर्वशक्तिसमन्विते, भयेभ्यस्त्राहि नो देवि कूष्माण्डेति मनोस्तुते…’ देवी की स्तुति और माता रानी के जयकारों के बीच रविवार को केपी ग्राउंड में सजे ‘भास्कर गरबा 2026’ का तीसरा दिन भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। आयोजन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पारंपरिक वेशभूषा में गरबा रास करते श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना की। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के दुख दूर करने, सुख, समाधान और आरोग्य प्रदान करने तथा जनसेवा के लिए शक्ति देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्हें दुपट्टा और डांडिया भेंट कर सम्मानित किया गया।
सीएम ने अपने पोस्ट पर लिखा -
सर्वस्वरूपा, सर्वेश्वरी और सर्वशक्तिमान देवी कूष्मांडा, हमें सभी भय और संकटों से बचाएं। हे देवी, आपको नमन है।
हर-हर गंगे की गूंज, महाआरती और फायर शो ने मोहा मन
अष्टमी की शाम का मुख्य आकर्षण भव्य महाआरती और गंगा आरती की दिव्यता रही। ‘हर-हर गंगे’ की गूंज के बीच पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। इसके बाद हुए आकर्षक फायर शो ने उत्सव में रोमांच और उल्लास के रंग भर दिए। श्रद्धालुओं ने इन यादगार पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
मैदान में संगीत की धुनों पर भी खूब रंग जमा। ‘सनेडो-सनेडो’ से लेकर ‘गुलाबी शरारा’ तक, प्रतिभागी अलग-अलग गानों पर थिरकते नजर आए। ‘सिया राम-सिया राम’, ‘तीन बाण के धारी’ और ‘मीठे रस से भरो रे राधा रानी’ जैसे भक्ति गीतों ने माहौल को आध्यात्मिक रंग दिया, तो सदाबहार गानों ने उत्साह दोगुना कर दिया।
भाई-बहनों की जोड़ियों ने दिखाई अनूठी थीम
भास्कर गरबा में भाई-बहनों की जोड़ियों ने अपनी रचनात्मकता और आपसी तालमेल से सबका ध्यान खींचा। चार और आठ साल के मिताली-सार्थक नंदनवार ने विट्ठल-रखुमाई की थीम पेश की। भावना ठाकुर और रोशन सोमवंशी चांद-चांदनी की थीम में नजर आए। वहीं, मनीष कटारिया और संगीता सिंह की 23 साल पुरानी भाई-बहन की जोड़ी ने रिश्तों की खूबसूरती को सामने रखा।
प्रतिभागी राजेश शिवहरे ने बताया कि वे अजंता हॉल में गरबा की प्रैक्टिस के समय से इस आयोजन से जुड़े हैं। उनके अनुसार, यहां आकर वे रोजमर्रा की चिंताएं भूलकर माता रानी की भक्ति में डूब जाते हैं। धीरज गौर भी पिछले 22 साल से इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने इसे नागपुर में बसने वाला ‘मिनी गुजरात’ बताया।
इस बीच प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों और देवी स्वरूपों के जरिए भी उत्सव की शोभा बढ़ाई। सीमा वाघ ने गुजरात के ट्रेंडिंग गरबा परिधान प्रस्तुत किए, जबकि निधि, निहारिका और सेजल ने क्रमशः स्कंदमाता, कात्यायनी और कूष्मांडा माता का रूप धारण किया।
आज अंतिम दिन, टीवी कलाकार भी होंगे शामिल
नवरात्रि के नवमी पर्व पर सोमवार को भास्कर गरबा 2026 का समापन होगा। आयोजन में मराठी धारावाहिक ‘मी जिंकून घेईन सारा’ के जान्हवी ताम्बट और संचित चौधरी तथा ‘मोहिनी : प्रेमाची फिल्मी कहानी’ के अनघा ठाकुर और समीर परांजपे के शामिल होने का कार्यक्रम है। अंतिम दिन भी गरबा, भक्ति और पारंपरिक रंगों के साथ उत्सव का उल्लास देखने को मिलेगा।
Created On :   19 Oct 2026 2:38 PM IST












