Nagpur News: किसानों पर सूखे की मार, भाजपा के गरबा आयोजन पर 100 करोड़ खर्च

किसानों पर सूखे की मार, भाजपा के गरबा आयोजन पर 100 करोड़ खर्च
प्रदेशाध्यक्ष और मंत्रियों को निलंबित करने की मांग

Nagpur News महाराष्ट्र में किसान सूखे और फसल बर्बादी से जूझ रहे हैं, वहीं भाजपा नेता भव्य गरबा आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं। यह आरोप कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग की।

शनिवार को लोंढे ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मुंबई के कल्याण-डोंबिवली में आयोजित ‘नमो-रमो रास गरबा’ में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, मंत्री आशीष शेलार और अन्य नेता शामिल हैं। उनके मुताबिक, इस आयोजन पर रोजाना डेढ़ से दो करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं और कुल खर्च 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने दावा किया कि आयोजन में विशाल मंच, एलईडी स्क्रीन, वातानुकूलति व्यवस्था, ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था तथा नामी गायकों पर भारी रकम खर्च की जा रही है। लोंढे के अनुसार, केवल वातानुकूलन पर रोजाना 60 लाख और ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था पर 25 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं।

किसानों को सिर्फ पांच हजार की मदद : लोंढे ने कहा कि राज्य में सोयाबीन, तुअर और कपास की फसलें प्रभावित हैं। कई इलाकों में पशुओं के लिए चारा और पानी उपलब्ध नहीं है। ऐसे समय में किसानों को पर्याप्त राहत देने के बजाय सरकार का ध्यान भव्य आयोजनों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को घोषित पांच हजार रुपये की सहायता अपर्याप्त है।

लोंढे ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या वे प्रदेशाध्यक्ष और मंत्रियों से इस खर्च का हिसाब मांगेंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता किसानों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। पत्रकार वार्ता में लोंढे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। हालांकि, गरबा आयोजन के खर्च और अन्य आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया का उल्लेख नहीं है।


Created On :   17 Oct 2026 6:22 PM IST

Tags

Next Story