घातक कदम: 12वीं की परीक्षा के तनाव में छात्र ने की आत्महत्या, गरबा देखकर दोस्तों के साथ घर लौटा था किशोर

12वीं की परीक्षा के तनाव में छात्र ने की आत्महत्या, गरबा देखकर दोस्तों के साथ घर लौटा था किशोर
  • फरवरी 2027 में होनी थीं बोर्ड परीक्षाएं
  • अजनी थाना क्षेत्र की घटना
  • मां ने कमरे में देखा तो उड़ गए होश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के भगवान नगर स्थित बैनर्जी ले-आउट परिसर में 12वीं कक्षा के एक छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय अंश राजेश नाईक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर वह तनाव में था। घटना की सूचना मिलने पर अजनी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ गरबा देखकर लौटा था घर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंश 12वीं कक्षा में पढ़ रहा था। उसकी बोर्ड परीक्षाएं 8 फरवरी 2027 से होने वाली थीं। परीक्षा की तैयारी पूरी नहीं होने के कारण वह पिछले कुछ दिनों से तनाव में था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात अंश अपने दोस्तों के साथ गरबा उत्सव देखने गया था। वहां से वह रात करीब 10 बजे घर लौटा। भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया।

मां ने कमरे में देखा तो उड़ गए होश

बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात अंश ने अपने कमरे में सीलिंग फैन से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार तड़के उसकी मां की नींद खुली। जब वह अंश को देखने उसके कमरे में पहुंचीं, तो उसे फंदे पर लटका देखकर स्तब्ध रह गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंचे। घटना के बाद घर में शोक का माहौल छा गया।

अजनी पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर अजनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Created On :   16 Oct 2026 6:38 PM IST

Tags

Next Story