Nagpur News: फीस वापसी को लेकर अकादमी में हंगामा, संचालक और पिता को जान से मारने की धमकी

फीस वापसी को लेकर अकादमी में हंगामा, संचालक और पिता को जान से मारने की धमकी
  • प्रवेश रद्द कराने पहुंची छात्रा और रिश्तेदारों ने की गाली-गलौज
  • 20 हजार रुपये फीस वापस मांगने पर हुआ विवाद
  • प्रताप नगर थाने में 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Nagpur News प्रवेश रद्द कराकर फीस वापस मांगने को लेकर छात्रा और उसके रिश्तेदारों ने अकादमी में जमकर हंगामा किया। इस दौरान अकादमी संचालक और उनके पिता के साथ गाली-गलौज कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। इस मामले में प्रताप नगर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्रपति चौक स्थित आईआईटी इंस्पायर अकादमी ऑफ साइंस के संचालक जितेंद्र इंद्रमन तिवारी (34) हैं। उनकी अकादमी में फाल्गुनी शेलुकर नामक छात्रा ने 3 जून 2026 को प्रवेश लिया था। इसके लिए उसने 20 हजार रुपये फीस जमा की थी। प्रवेश लेने के बाद छात्रा करीब 15 दिनों तक अकादमी में पढ़ने गई, लेकिन बाद में उसने वहां जाना बंद कर दिया।

फीस लौटाने से इनकार करने पर विवाद : कुछ समय बाद छात्रा ने प्रवेश रद्द कराकर जमा फीस वापस मांगनी शुरू कर दी। इस संबंध में उसने अकादमी संचालक से बातचीत की, लेकिन जितेंद्र तिवारी ने प्रवेश लेने के बाद फीस वापस करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

संचालक और पिता से गाली-गलौज : आरोप है कि फीस वापस नहीं मिलने से नाराज छात्रा अपने माता-पिता और अन्य 5-6 लोगों के साथ अकादमी पहुंची। वहां उसने और उसके साथ आए लोगों ने जितेंद्र तिवारी तथा उनके पिता के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद प्रताप नगर पुलिस ने आरोपी अनूप अनिल दुरुगकर और अन्य 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Created On :   16 Oct 2026 4:22 PM IST

Tags

Next Story