लगाया चूना: शोरूम संचालक ने वाहनधारकों को ठगा, झूठी योजना का झांसा देकर बेचे थे वाहन

शोरूम संचालक ने वाहनधारकों को ठगा, झूठी योजना का झांसा देकर बेचे थे वाहन
  • शोरूम संचालक ने वाहनधारकों के साथ ठगी की
  • झूठी योजना का झांसा दिया
  • फायदे का सौदा समझकर लोग उसके झांसे में आ गए

डिजिटल डेस्क, नागपुर. दोपहिया वाहनों के एक शोरूम संचालक ने वाहनधारकों के साथ ठगी की है। आरोप है कि उसने झूठी योजना का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम दिया। इसका खुलासा होने पर शांति नगर थाने में आरोपी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी तौसिफ अशरफी उम्र 35 साल कवठा रोड, शकूर नगर का निवासी है। उसका शांति नगर में महाराष्ट्र मोटर्स मल्टीब्रांड टू-व्हीलर नाम से दोपहिया वाहनों का शोरूम है। 28 अगस्त 2024 से अब तक के दरमियान उसने शिकायतकर्ता अब्दुल्लाह मोहम्मद आरिफ सहित अन्य 7 वाहनधारकों को यह कहकर झूठी योजना का झांसा दिया कि 50 प्रतिशत डाउन पेमेंट पर मात्र 14 महीने की आसान किस्तों में वाहन खरीदा जा सकता है और इसके लिए ब्याज दर शून्य प्रतिशत है।

फायदे का सौदा समझकर लोग उसके झांसे में आ गए और वाहन खरीद लिए। बाद में उन्हें पता चला कि किस्तें 38 महीनों की हैं। बाकी किश्तों की वसूली के लिए संबंधित फाइनेंस कंपनी के लोग वाहनधारकों को परेशान करने लगे, जबकि शोरूम के आरोपी संचालक को फाइनेंस कंपनी से वाहनों की पूरी रकम मिल चुकी थी। पीड़ित वाहनधारकों का आरोप है कि उन्हें इस योजना के नाम पर 4 लाख 89 हजार 766 रुपए की ठगी का शिकार बनाया गया है। इसे लेकर हुए विवाद के बाद मामला थाने पहुंचा। प्रारंभिक जांच-पड़ताल में धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर आरोपी तौसिफ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

Created On :   15 Oct 2026 7:03 PM IST

Tags

Next Story