- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आशा पठान ने कहा - महिला किसानों को...
प्रादेशिक कार्यशाला: आशा पठान ने कहा - महिला किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महिला किसानों को प्रमाणपत्र मिलने से उनकी अधिकृत पहचान स्थापित होगी और वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगी। इससे कृषि उत्पादन, पोषण सुरक्षा और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। यह बात वनामती की निदेशक आशा पठान ने कही।
अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 और महिला किसान दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के कृषि विभाग तथा कृषि तकनीकी प्रबंधन एजेंसी (आत्मा), नागपुर की ओर से वनामती में महिला किसान सशक्तिकरण विषय पर प्रादेशिक कार्यशाला और कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उद्घाटन अवसर पर आशा पठान ने महिला किसानों की पहचान मजबूत करने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यशाला में महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का संकल्प लिया गया।
कृषि से जुड़े नए व्यवसाय अपनाने पर जोर
कार्यशाला में विभागीय कृषि सह निदेशक उमेश घाडगे ने महिला किसानों से मुर्गीपालन, रेशम उद्योग और कृषि प्रसंस्करण जैसे व्यवसाय अपनाकर अपनी आय के स्रोत बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि से जुड़े विविध व्यवसाय महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं।
'आत्मा' की परियोजना निदेशक एवं जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी डॉ. अर्चना कडू ने बताया कि महिला किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनके उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और सीधे बाजार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
पोषण और मिट्टी की सेहत पर दी जानकारी
न्यूट्रिशन विशेषज्ञ डॉ. रेणुका मायंदे ने महिलाओं के स्वास्थ्य, एनीमिया से बचाव और स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग के बारे में मार्गदर्शन किया। कृषि विशेषज्ञ डॉ. सरिता मोवाडे ने मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए जैविक कार्बन बढ़ाने, जैविक सामग्री के उपयोग और फसल चक्र अपनाने के महत्व को समझाया।
प्रगतिशील महिला किसान सुनीता वाधवा ने प्राकृतिक खेती और कृषि प्रसंस्करण के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कृषि उत्पादों का बेहतर उपयोग कर आय बढ़ाने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
महिला किसानों का सम्मान, उत्पादों की प्रदर्शनी
कार्यशाला में नागपुर विभाग के सभी जिलों की प्रगतिशील महिला किसानों को सम्मानित किया गया। महिला बचत समूहों की ओर से तैयार जैविक उत्पादों, हस्तकला की वस्तुओं और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी तथा बिक्री के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम में 'आत्मा' की उपनिदेशक पल्लवी तलमले सहित कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला किसान उपस्थित थीं। संचालन तकनीकी अधिकारी शुभांगी कामड़ी ने किया, जबकि वैशाली पाटील ने आभार माना।
Created On :   16 Oct 2026 7:50 PM IST
Tags
- नागपुर
- महाराष्ट्र समाचार
- Nagpur News
- Maharashtra News
- नागपुर शहर
- नागपुर ग्रामीण
- कामठी
- हिंगना
- कलमेश्वर
- काटोल
- नरखेड़
- सावनेर
- उमरेड
- कुही
- भिवापुर
- मौदा
- पारशिवनी
- रामटेक
- कन्हान
- वाडी
- बुटीबोरी
- कोराडी
- खापरखेड़ा
- मोहपा
- कोंढाली
- वर्धा रोड
- वलनी
- पेंच
- येरखेड़ा
- वडधामना
- बेसा
- मानकापुर
- जरीपटका
- कामठी रोड
- पारडी
- वाठोडा
- हुडकेश्वर
- नंदनवन
- दिघोरी
- बेलतरोड़ी
- मानेवाड़ा
- नरेंद्रनगर
- प्रतापनगर
- सोनेगांव
- अजनी
- धरमपेठ
- सदर
- महाल
- इतवारी
- गंजपेठ












