मुख्यमंत्री से अपील: पीड़ितों की गुहार - रितु मालू सहित चार मामलों में सरकारी वकील खापर्डे को बनाए रखने की मांग

पीड़ितों की गुहार - रितु मालू सहित चार मामलों में सरकारी वकील खापर्डे को बनाए रखने की मांग
  • खापर्डे को 14 अक्टूबर 2026 को किसी तकनीकी या अन्य कारण से पद से हटा दिया गया
  • पीड़ितों की गुहार - सरकारी वकील खापर्डे को बनाए रखें

डिजिटल डेस्क, नागपुर. रितु मालू मामले सहित नागपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में चल रहे चार मामलों में सरकारी वकील रश्मि खापर्डे को बनाए रखने की मांग की गई है। पीड़ित परिवार के इफ्तेखार निसार अहमद, शहबाज खान, प्रदीप तांबड़े, मीना राठौड़ और मंथन घरजाले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भेजकर एड. खापर्डे को दोबारा इन मामलों में पैरवी की जिम्मेदारी देने का अनुरोध किया है।

पद से हटा दिया गया है

पत्र के अनुसार, एड. खापर्डे को 14 अक्टूबर 2026 को किसी तकनीकी या अन्य कारण से पद से हटा दिया गया। वह पिछले तीन वर्षों से इन मामलों में राज्य की ओर से ईमानदारी और समर्पण के साथ पैरवी कर रही थीं। उनके काम को लेकर उन्हें कभी कोई शिकायत नहीं रही। उन्होंने एड. खापर्डे पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि इन मामलों में वही सरकारी अभियोक्ता रहें। इन मामलों में महाराष्ट्र राज्य बनाम रितिका दिनेश मालू, बदनसिंह रामगोपाल राठौड़, गणेश हुड और ममता विजय चव्हाण शामिल हैं। पत्र में मुख्यमंत्री से न्याय के हित में आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई है।

रितु मालू का यह है मामला

रामझूला पर हुए हादसे में दो युवकों की मौत के मामले में रितु मालू समेत पति दिनेश बजरंगलाल मालू और माधुरी शिशिर सारडा के खिलाफ गंभीर धाराओं में आरोप तय किए हैं। घटना 24 फरवरी 2024 की रात की है। रितु और माधुरी सारडा सीपी क्लब से निकली थीं। दोनों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई थी। कार रितु चला रही थी। जयस्तंभ चौक से मेयो अस्पताल चौक की ओर जाते समय उनकी मर्सिडीज कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में दोपहिया सवार मो. हुसैन गुलाम मुस्तफा (34) और मो. आतिफ मो. जिया (32) की मौत हो गई। जरूरी फॉरेंसिक रिपोर्ट अब तक नहीं मिलने पर जिला एवं सत्र न्यायालय ने नागपुर स्थित क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला को 1 नवंबर 2026 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Created On :   19 Oct 2026 7:11 PM IST

Tags

Next Story