- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फोन पर युवती से बात कर रहे युवक पर...
जानलेवा हमला: फोन पर युवती से बात कर रहे युवक पर जानलेवा हमला, तीन अज्ञात आरोपियों ने पत्थर से सिर फोड़ा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में देर रात युवती से फोन पर बात कर रहे एक युवक पर तीन अज्ञात आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले लात-घूंसों से उसकी पिटाई की और फिर पत्थर से वार कर उसका सिर फोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, न्यू सुभेदार ले-आउट निवासी दिनेश पाल (26) एक निजी प्रतिष्ठान में काम करता है। शनिवार रात ड्यूटी से घर लौटने के बाद वह देर रात करीब ढाई बजे अपने अपार्टमेंट के नीचे दोपहिया वाहन पर बैठकर एक युवती से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। दिनेश कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। लात-घूंसों से पिटाई करने के बाद पत्थर से उसके सिर पर वार किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
यह भी पढ़े -टाइगर श्रॉफ की पर फायरिंग मामले में सीएम फडणवीस की दो टूक - आरोपियों को ढूंढकर करेंगे सख्त कार्रवाई
युवती ने मित्र को दी सूचना
फोन पर बातचीत के दौरान मारपीट और हंगामे की आवाज सुनकर युवती ने तुरंत दिनेश के मित्र सिद्धार्थ सोनारकर (26) को घटना की जानकारी दी। इसके बाद घायल दिनेश को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।
दिनेश की शिकायत पर हुड़केश्वर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास के परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हमले के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।
Created On :   19 Oct 2026 5:29 PM IST












