धम्मचक्र प्रवर्तन दिन: उपराजधानी नागपुर में उमड़ने लगी अनुयायियों की भीड़, अजनी स्टेशन पर ढ़ाई लाख अतिरिक्त संख्या!

उपराजधानी नागपुर में उमड़ने लगी अनुयायियों की भीड़, अजनी स्टेशन पर ढ़ाई लाख अतिरिक्त संख्या!
  • 22 अक्टूबर तक नागपुर और अजनी स्टेशन पर 2.5 लाख अतिरिक्त यात्रियों के पहुंचने का अनुमान
  • यात्रियों के लिए अतिरिक्त होल्डिंग एरिया
  • अतिरिक्त टिकटिंग सुविधा, दीक्षाभूमि में यात्री सहायता केंद्र

डिजिटल डेस्क, नागपुर। धम्मचक्र प्रवर्तन दिन के अवसर पर नागपुर रेलवे स्टेशन पर अनुयायियों की भीड़ उमड़ने लगी है। प्लेटफॉर्म यात्रियों से खचाखच भरे हुए हैं और भीड़ के कारण यात्रियों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। अनुमान है कि इस वर्ष 19 से 22 अक्टूबर तक नागपुर और अजनी रेलवे स्टेशनों पर करीब 2.5 लाख अतिरिक्त यात्री पहुंचेंगे। इसे देखते हुए रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं।

यात्रियों की सुविधा और भीड़ के प्रभावी प्रबंधन के लिए 26 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा टिकटिंग, यात्री सहायता, चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

यात्रियों के लिए अतिरिक्त होल्डिंग एरिया

रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए नागपुर स्टेशन के पूर्वी हिस्से में संतरा मार्केट के पास होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है। इसी तरह अजनी स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में भी यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की जाएगी। दोनों स्थानों पर प्रकाश, पंखे, अस्थायी शौचालय और बैठने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर 19 से 22 अक्टूबर तक नागपुर और अजनी स्टेशनों पर कार पार्किंग की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी।

अतिरिक्त टिकटिंग सुविधा, दीक्षाभूमि में यात्री सहायता केंद्र

  • टिकट खिड़कियों पर भीड़ कम करने और यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के लिए नागपुर स्टेशन पर मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (एमयूटीएस) की पांच अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
  • नागपुर और अजनी स्टेशनों के होल्डिंग एरिया में भी टिकटिंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा और आवाजाही व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिरिक्त टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी
  • अनुयायियों की सुविधा के लिए दीक्षाभूमि परिसर में समर्पित यात्री सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। यहां विशेष रेलगाड़ियों की जानकारी देने के साथ ही टिकट जारी करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में आसानी हो, इसके लिए विशेष रेलगाड़ियों की समय-सारणी भी केंद्र पर प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी।
  • स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ रोकने और यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए 19 से 22 अक्टूबर 2026 तक नागपुर और अजनी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री स्थगित रहेगी।

Created On :   19 Oct 2026 8:07 PM IST

Tags

Next Story