Nagpur News: खिड़की से झांकने की बात पर खूनी संघर्ष, 4 भाइयों की हत्या का प्रयास

खिड़की से झांकने की बात पर खूनी संघर्ष, 4 भाइयों की हत्या का प्रयास
  • दो गुटों में भिड़ंत से चांदमारी माता नगर में मची अफरा-तफरी
  • चाकू से हमले में चारों भाई घायल, 2 की हालत नाजुक
  • मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार भाई की तलाश में जुटी पुलिस

Nagpur News भांडेवाड़ी स्थित चांदमारी माता नगर में खिड़की से झांककर देखने की बात को लेकर हुए विवाद में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान 2 आरोपियों ने चार भाइयों पर घातक हथियारों से हमला कर उनकी हत्या का प्रयास किया। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हुई इस वारदात से परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद भांडेवाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई फरार है।

चारों भाइयों पर चाकू से हमला : इस हमले में चांदमारी माता नगर निवासी ताज मोहम्मद इस्माइल कुरैशी (34), नूर मोहम्मद इस्माइल कुरैशी (40), कलाम मोहम्मद इस्माइल कुरैशी (26) और रईस मोहम्मद इस्माइल कुरैशी (32) घायल हो गए। चारों को गंभीर हालत में मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मोहम्मद फिरोज हसनैन मंसूरी (28) और उसके भाई मोहम्मद हुसैन हसनैन मंसूरी (22) के रूप में हुई है। दोनों इसी बस्ती के निवासी हैं।

खिड़की से देखने की बात पर शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस्माइल की भाभी रहमुत निशा अपनी बेटी को ट्यूशन से घर ला रही थीं। इसी दौरान आरोपी फिरोज ने उन्हें खिड़की से झांककर देखा। घर पहुंचने पर रहमुत निशा ने यह बात परिजनों को बताई। इसके बाद इस्माइल और नूर आरोपियों के पास पहुंचे और फिरोज से रहमुत निशा को खिड़की से झांककर देखने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने घातक हथियारों से चारों भाइयों पर हमला कर दिया। चाकू से किए गए वार में चारों भाई घायल हो गए।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भाई की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। वारदात के बाद परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत (पीसीआर) में लिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही नंदनवन थाने में मारपीट का मामला दर्ज होने की जानकारी है। वहीं, फरार आरोपी मोहम्मद हुसैन मंसूरी की तलाश की जा रही है।


Created On :  

Tags

Next Story