जांच का आश्वासन: वायरल ऑडियो क्लिप की होगी फोरेंसिक जांच, ढाई साल बाद सामने लाने के मकसद पर फडणवीस ने उठाए सवाल

वायरल ऑडियो क्लिप की होगी फोरेंसिक जांच, ढाई साल बाद सामने लाने के मकसद पर फडणवीस ने उठाए सवाल
  • 500 करोड़ रुपये के आरोपों से जुड़ी क्लिप की निष्पक्ष जांच का आश्वासन
  • भाजपा, शिंदे सेना और मनोज जरांगे ने की जांच की मांग
  • सुप्रिया सुले के ‘स्पायपेन’ वाले आरोप पर मुख्यमंत्री ने कसा तंज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे से जुड़े 500 करोड़ रुपये के आरोपों वाली वायरल ऑडियो क्लिप की अब फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विभागीय स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने सवाल उठाया कि संबंधित बातचीत को ढाई साल बाद अचानक सामने लाने के पीछे क्या मकसद है? इसके जरिए आखिर किसे निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है? उन्होंने कहा कि फोरेंसिक जांच से इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

सभी पक्षों की मांग पर जांच का आश्वासन

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि इस मामले की जांच की मांग भारतीय जनता पार्टी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और मनोज जरांगे की ओर से की गई है। शिंदे सेना के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया।

मतदान को लेकर जताया उत्साह

नागपुर विभागीय स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विधान परिषद को वरिष्ठों का सदन माना जाता है। ऐसे में इस चुनाव में अधिक से अधिक मतदान होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि चुनाव के नतीजे अच्छे रहेंगे।

सुप्रिया सुले के ‘स्पायपेन’ वाले आरोप पर कसा तंज

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता और सांसद सुप्रिया सुले द्वारा मतदान के दौरान ‘स्पायपेन’ (Spy Pen) के इस्तेमाल को लेकर लगाए गए आरोप पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने तंज कसा। उन्होंने कहा, "स्पायपेन आखिर होता क्या है, यह सुप्रिया सुले जी मुझे खुद समझाएं। वह पेन कैसा दिखता है और कैसे काम करता है, मैं भी जरा इसके बारे में जानकारी ले लूं।"

Created On :  

Tags

Next Story